सुल्तानगंज में आज आएंगे सीएम नीतीश कुमार, करहरिया हाई स्कूल मैदान में करेंगे जनसभा को संबोधित


रिपोर्ट — शयामानंद सिंह, भागलपुर

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के मद्देनज़र सुल्तानगंज विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज़ है। इसी क्रम में आज 3 नवंबर को दोपहर 2 बजे माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार करहरिया पंचायत के हाई स्कूल मैदान में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। जनसभा को लेकर प्रशासन और एनडीए कार्यकर्ताओं के बीच गजब का उत्साह देखा जा रहा है।

मुख्यमंत्री के आगमन से पहले तैयारी का जायजा लेने के लिए जदयू विधायक प्रत्याशी प्रो. ललित नारायण मंडल, जदयू जिलाध्यक्ष महेश दास, भाजपा नेता चंदन कुमार और भाजपा नेत्री डॉ. अलका चौधरी ने हेलीपैड और मंच निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पदाधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, और सुविधाओं की आवश्यकताओं पर विस्तार से चर्चा की।

जदयू अनुसूचित जाति जिला अध्यक्ष महेश दास ने बताया, “मुख्यमंत्री की रैली से सुल्तानगंज में विकास और सामाजिक न्याय की नई उम्मीदें जागी हैं। जनता उनके काम और नेतृत्व पर भरोसा करती है।” वहीं भाजपा नेत्री डॉ. अलका चौधरी ने कहा, “यह जनसभा एनडीए उम्मीदवारों के लिए ऊर्जा का संचार करेगी और क्षेत्र में चुनावी माहौल को और मज़बूत बनाएगी।”

हेलीपैड पर सुरक्षा घेरा बनाया जा रहा है, जबकि मैदान में मंच और जनसभा स्थल की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। जिला प्रशासन की ओर से पुलिस, स्वास्थ्य, आपदा और परिवहन विभाग की टीमें तैनात कर दी गई हैं, ताकि कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

इस जनसभा में सुल्तानगंज, नवगछिया, पीरपैंती, कहलगाँव, भागलपुर समेत आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना है। राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि यह रैली सुल्तानगंज विधानसभा में चुनावी समीकरण को नई दिशा दे सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *