सुशील कुमार मोदी की जयंती पर पटना में आदमकद प्रतिमा का अनावरण
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित कई गणमान्य नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

पटना।
बिहार के भूतपूर्व उप-मुख्यमंत्री, प्रखर राजनेता एवं विकास पुरुष के रूप में पहचाने जाने वाले परम श्रद्धेय सुशील कुमार मोदी की जयंती के अवसर पर गुरुवार को राजधानी पटना में उनकी आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया गया। इस अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उनके साथ प्रतिमा का अनावरण किया तथा पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी एवं एनडीए के कई वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने सुशील कुमार मोदी को बिहार की राजनीति का सशक्त स्तंभ बताते हुए उनके योगदान को स्मरण किया।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि सुशील कुमार मोदी ने अपने लंबे राजनीतिक जीवन में बिहार के विकास और सुशासन की दिशा में ऐतिहासिक कार्य किए। वित्तीय सुधार, पारदर्शी प्रशासन और राज्य की आर्थिक मजबूती में उनकी भूमिका अविस्मरणीय रही है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता उनके योगदान को सदैव याद रखेगी।
वक्ताओं ने कहा कि सुशील कुमार मोदी न केवल एक कुशल प्रशासक थे, बल्कि वे ईमानदारी, सादगी और सिद्धांतों की राजनीति के प्रतीक थे। उपमुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने राज्य के विकास को नई दिशा दी और केंद्र व राज्य के बीच समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
जयंती समारोह के दौरान उनके जीवन और संघर्षों पर भी प्रकाश डाला गया। नेताओं ने कहा कि सुशील कुमार मोदी की सोच, विचार और कार्यशैली आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी। बिहार के विकास पर उन्होंने जो अमिट छाप छोड़ी है, उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।
कार्यक्रम का समापन “सुशील कुमार मोदी अमर रहें” के नारों और श्रद्धांजलि अर्पण के साथ हुआ।
