सुशील कुमार मोदी की जयंती पर भागलपुर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम,ईस्टर्न बिहार चैम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्रीज़ द्वारा आयोजन, जनप्रतिनिधियों ने किया नमन

भागलपुर।
पद्म भूषण से सम्मानित, बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता श्रद्धेय सुशील कुमार मोदी की जयंती के अवसर पर उनकी संसदीय कर्मभूमि भागलपुर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम ईस्टर्न बिहार चैम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्रीज़, भागलपुर के तत्वावधान में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, उद्योग जगत से जुड़े लोग, सामाजिक कार्यकर्ता एवं भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नेताओं ने सुशील कुमार मोदी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। वक्ताओं ने कहा कि सुशील कुमार मोदी बिहार की राजनीति में शुचिता, सिद्धांत और जनसेवा की जीवंत मिसाल थे। उन्होंने राजनीति को सत्ता नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम माना और जीवनभर उसी मूल्यों पर अडिग रहे।
वक्ताओं ने कहा कि संगठनात्मक मजबूती, सुशासन और विकास को राजनीति का केंद्र बनाकर सुशील कुमार मोदी ने बिहार को नई दिशा देने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। भाजपा संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त करने के साथ-साथ उन्होंने आम जनता की समस्याओं को सदन से लेकर सड़क तक मजबूती से उठाया।
कार्यक्रम में यह भी कहा गया कि उपमुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने वित्तीय अनुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही को प्राथमिकता दी, जिससे बिहार के विकास को नई गति मिली। वे एक कुशल संगठनकर्ता होने के साथ-साथ जनहित को सर्वोपरि रखने वाले ऐसे जनसेवक थे, जिनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
ईस्टर्न बिहार चैम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्रीज़ के पदाधिकारियों ने कहा कि सुशील कुमार मोदी का बिहार के औद्योगिक विकास, व्यापारिक माहौल के सुदृढ़ीकरण और नीति-निर्माण में भी अहम योगदान रहा है। उनके विचार आज भी समाज और राजनीति को सही दिशा दिखाने का कार्य कर रहे हैं।
कार्यक्रम का समापन उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को स्मरण करते हुए दो मिनट का मौन रखकर तथा “सुशील कुमार मोदी अमर रहें” के नारों के साथ किया गया। उपस्थित लोगों ने कहा कि बिहार के विकास के प्रति उनका आजीवन समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक बना रहेगा।
