सूचना प्रावैधिकी व खेल विभाग की कमान संभालते ही श्रेयसी सिंह सक्रिय, नई ऊर्जा के साथ शुरू हुआ काम

पटना, 27 नवंबर 2025
बिहार सरकार में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करते हुए आज सूचना प्रावैधिकी विभाग व खेल विभाग की नई मंत्री के रूप में माननीय श्रेयसी सिंह ने विधिवत रूप से टेक्नोलॉजी भवन तथा विकास भवन में अपना पदभार ग्रहण किया। दोनों विभागों की जिम्मेदारियाँ संभालते हुए उन्होंने कहा कि वे पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता और प्रतिबद्धता के साथ तकनीक व खेल क्षेत्र को नई दिशा देने के लिए संकल्पित हैं।
पदभार ग्रहण के बाद अधिकारियों के साथ पहली बैठक में श्रेयसी सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “डिजिटल इंडिया” और “स्पोर्ट्स फॉर ऑल” विज़न से प्रेरित होकर बिहार में तकनीक और खेल के बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जाएगा। उन्होंने विभागीय कार्यसंस्कृति में गति, दक्षता और जवाबदेही को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही।
श्रेयसी सिंह ने स्पष्ट किया कि सूचना प्रावैधिकी विभाग में डिजिटल सेवाओं के विस्तार, साइबर सुरक्षा, ई-गवर्नेंस और युवाओं में टेक स्टार्टअप के लिए उपयुक्त माहौल तैयार करना उनकी शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल होगा। वहीं, खेल विभाग में खिलाड़ियों को संसाधन, आधुनिक प्रशिक्षण और राज्यस्तरीय प्रतिस्पर्धाओं को बढ़ावा देने की दिशा में तेज़ी से कार्य किया जाएगा।
अधिकारियों ने मंत्री का स्वागत करते हुए आशा व्यक्त की कि उनके नेतृत्व में दोनों विभाग नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेंगे। बिहार के विकास को गति देने वाले इस महत्वपूर्ण कदम को शासन-प्रशासन के साथ-साथ युवाओं ने भी सकारात्मक रूप से लिया है।
नई जिम्मेदारियों के साथ शुरू हुई यह पहल न केवल तकनीकी और खेल संसाधनों के विस्तार में सहायक होगी, बल्कि राज्य के समग्र विकास में भी एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होने की उम्मीद है।
