सैंडिस कंपाउंड में “नशा मुक्त दौड़ एवं साइकिलिंग प्रतियोगिता” का आयोजन

लगभग 100 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा, विजेताओं को मिला सम्मान
भागलपुर। संवाददाता
खेल विभाग, बिहार सरकार के दिशा-निर्देश पर जिला प्रशासन भागलपुर के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को सैंडिस कंपाउंड में “नशा मुक्त युवा, विकसित भारत” अभियान के तहत नशा मुक्त दौड़ एवं साइकिलिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला कला संस्कृति पदाधिकारी अंकित रंजन ने हरी झंडी दिखाकर किया।
प्रतियोगिता में बालक एवं बालिका वर्ग से लगभग 100 प्रतिभागियों ने भाग लिया। दौड़ प्रतियोगिता में बालक वर्ग से राजा कुमार ने प्रथम स्थान, सुजीत कुमार ने द्वितीय स्थान और अंकुश आर्य ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं साइकिलिंग रेस में शिवम कुमार प्रथम, प्रिंस राज द्वितीय और संजीव कुमार तृतीय स्थान पर रहे। बालिका वर्ग की दौड़ में श्रेयश्री ने प्रथम, सुष्मिता कुमारी ने द्वितीय और ऋषिका कुमारी ने तृतीय स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता के साथ ही बिहार बाल भवन किलकारी के रंगमंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, पेंटिंग, भाषण और वाद-विवाद प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसमें लगभग 200 बच्चों ने नशा मुक्ति पर आधारित नाटक एवं चित्रकला प्रस्तुत की। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला खेल पदाधिकारी जय नारायण कुमार और जिला कला संस्कृति पदाधिकारी अंकित रंजन ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर किलकारी के बच्चों को नशामुक्त जीवन का महत्व बताते हुए आशीर्वचन दिए गए। कार्यक्रम में समन्वयक बिहार बाल भवन किलकारी के पदाधिकारी साहिल जी, जिला खेल कार्यालय के लिपिक सतीश चंद्र एवं मृणाल किशोर, कार्यपालक सहायक अमीर खान, प्रशिक्षक कुंदन कुमार, शारीरिक शिक्षक सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
कार्यक्रम के अंत में भाषण, चित्रकला एवं वाद-विवाद प्रतियोगिता के विजेताओं को जिला खेल पदाधिकारी जय नारायण कुमार ने मेडल एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।
