सोनपुर मेला 2025 में कृषि विभाग का आकर्षण बढ़ा, किसानों को मिल रही आधुनिक तकनीकों और सरकारी योजनाओं की जानकारी

सोनपुर
विश्व प्रसिद्ध सोनपुर मेला 2025 इस वर्ष भी किसानों के लिए नई उम्मीदों और अवसरों का केंद्र बना हुआ है। कृषि विभाग द्वारा मेले में लगाए गए विशेष स्टॉल पर किसानों को नई कृषि तकनीकों, सरकारी योजनाओं और नवाचारों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। खेती-किसानी को अधिक उन्नत, लाभकारी और तकनीक-आधारित बनाने की दिशा में यह पहल किसानों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
स्टॉल पर कृषि विशेषज्ञों द्वारा आधुनिक कृषि उपकरणों, उन्नत खेती पद्धतियों, ड्रिप एवं स्प्रिंकलर सिंचाई तकनीक, जैविक खेती, फसल विविधीकरण, बागवानी योजनाएँ, और मौसम आधारित सलाह जैसी जानकारियाँ किसानों को विस्तार से समझाई जा रही हैं। किसान समूहों को कृषि विज्ञान से जुड़े नवीनतम शोध तथा तकनीकी समाधानों का लाइव डेमो भी दिखाया जा रहा है।
इसके साथ ही राज्य तथा केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं—जैसे पीएम-किसान सम्मान निधि, कृषि यांत्रिकीकरण, फसल बीमा योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, बागवानी मिशन तथा कृषि क्षेत्र में स्टार्टअप को बढ़ावा देने वाली योजनाओं—की भी जानकारी दी जा रही है।
कई किसानों ने बताया कि इस तरह के स्टॉल उन्हें नई तकनीकों से परिचित कराने के साथ-साथ अपनी उत्पादकता बढ़ाने के लिए प्रेरित भी करते हैं।
कृषि विभाग का उद्देश्य है कि किसान आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त कर सकें। इसी क्रम में बिहार एग्रीकल्चरल मैनेजमेंट एंड एक्सटेंशन ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट, उद्यान निदेशालय तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की भी सक्रिय भूमिका रही।
मेले में बड़ी संख्या में किसान स्टॉल का अवलोकन कर रहे हैं और विशेषज्ञों से अपने स्थानीय फसलों और समस्याओं के समाधान के सुझाव प्राप्त कर रहे हैं। कृषि विभाग की यह पहल किसानों के कृषि भविष्य को और बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
#BiharAgricultureDept
