सोशल मीडिया पर वायरल हवाई फायरिंग वीडियो मामले में कटिहार पुलिस की त्वरित कार्रवाई


मुख्य अभियुक्त हथियार व कारतूस के साथ गिरफ्तार

 

कटिहार, प्रतिनिधि।
कटिहार जिले के नगर थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर वायरल हुए हवाई फायरिंग के वीडियो को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। अभियुक्त के पास से एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें तीन युवक देशी पिस्टल से हवाई फायरिंग करते हुए दिखाई दे रहे थे। वीडियो के सत्यापन के बाद नगर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान हवाई फायरिंग करने वाले व्यक्तियों की पहचान किशन सिंह (उम्र लगभग 26 वर्ष) एवं बिट्टू कुमार (उम्र लगभग 23 वर्ष), दोनों निवासी दुर्गापुर वार्ड संख्या-33, थाना नगर, जिला कटिहार के रूप में की गई। जबकि एक अन्य युवक की पहचान अभी नहीं हो सकी है।

इस संबंध में नगर थाना कांड संख्या-103/26 दिनांक 25 जनवरी 2026 को दर्ज किया गया है। मामला आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी) ए/26/27/35 के तहत पंजीकृत किया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, कटिहार के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कटिहार-01 के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल (SIT) का गठन किया गया। गठित टीम ने वैज्ञानिक अनुसंधान एवं गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मुख्य अभियुक्त किशन सिंह को गिरफ्तार कर लिया।

बरामद सामान
एक देशी कट्टा
दो जिंदा कारतूस

पुलिस के अनुसार मामले में अग्रतर कार्रवाई जारी है तथा अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *