हाजीपुर में औद्योगिक विकास का जायज़ा: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कई इकाइयों का किया निरीक्षण

हाजीपुर | संवाददाता
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज हाजीपुर स्थित औद्योगिक क्षेत्र का दौरा किया और यहां संचालित विभिन्न औद्योगिक इकाइयों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उत्पादन क्षमता, गुणवत्ता मानकों तथा औद्योगिक विकास से संबंधित पहलुओं का विस्तृत मूल्यांकन किया।
मुख्यमंत्री सबसे पहले न्यू जील फैशनवियर की इकाई पहुंचे, जहां उन्होंने उत्पादन प्रक्रिया, उपलब्ध मशीनरी एवं कार्यस्थल की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। फैक्ट्री प्रबंधन द्वारा मुख्यमंत्री को तैयार उत्पादों, विपणन रणनीतियों और रोजगार सृजन से संबंधित जानकारी दी गई।
इसके बाद मुख्यमंत्री जूता निर्माण इकाई पहुंचे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उत्पादन क्षमता, कच्चे माल की उपलब्धता, गुणवत्ता नियंत्रण तंत्र एवं मशीनों के संचालन से संबंधित विस्तृत जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने औद्योगिक इकाईयों को अधिक रोजगारपरक और निर्यात उन्मुख बनाने की दिशा में आवश्यक सुझाव भी दिए।
दौरे के अंत में मुख्यमंत्री ने ब्रिटानिया बिस्कुट फैक्ट्री का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने फैक्ट्री संचालन, तकनीकी व्यवस्था, स्वचालित उत्पादन लाइन तथा खाद्य सुरक्षा मानकों की स्थिति की समीक्षा की। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि इस इकाई के संचालन से स्थानीय स्तर पर बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार मिला है और उत्पादन क्षमता लगातार बढ़ रही है।
निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों के वरीय अधिकारी, स्थानीय प्रशासन एवं औद्योगिक क्षेत्र के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
#JDU #Bihar #NitishKumar #Hajipur #SushasanBabu
