हाजीपुर शहर में जाम की समस्या पर प्रशासन एक्शन में, डीएम के निर्देश पर सदर एसडीओ ने शुरू की कार्रवाई

हाजीपुर शहर में लगातार बढ़ती जाम की समस्या को गंभीरता से लेते हुए वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने सदर एसडीओ को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। डीएम के निर्देश मिलते ही स्थानीय प्रशासन सक्रिय मोड में आ गया है।

सूत्रों के अनुसार, निर्देश प्राप्त होने के बाद सदर एसडीओ ने एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जिसमें स्थानीय विधायक अवधेश सिंह, यातायात डीएसपी, नगर थाना सदर प्रभारी और औद्योगिक थाना प्रभारी सहित कई अधिकारी शामिल हुए। बैठक में शहर में व्याप्त यातायात अव्यवस्था और उससे निपटने की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के बाद अधिकारियों की टीम ने शहर के उन प्रमुख स्थानों का स्थल निरीक्षण किया जहां आए दिन जाम की स्थिति गंभीर रूप ले लेती है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने समस्या के मूल कारणों का आकलन किया और मौके पर ही कई तात्कालिक सुधारात्मक निर्देश दिए।

प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि हाजीपुर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए चरणबद्ध तरीके से आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। शहर में अवैध पार्किंग, अतिक्रमण, भारी वाहनों के अनियंत्रित आवागमन और व्यस्त समय में वाहनों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए विस्तृत कार्ययोजना बनाई जा रही है।

स्थानीय प्रशासन का दावा है कि जल्द ही प्रभावी उपाय लागू किए जाएंगे ताकि आम लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *