हिंदी दिवस पर प्रतिभाओं का सम्मान, विद्युत भवन में गूंजे काव्य स्वर

पटना, 19 सितम्बर हिंदी दिवस के अवसर पर शुक्रवार को राजधानी पटना स्थित विद्युत भवन में आशुवाक एवं स्वरचित काव्य पाठ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कर्मचारियों और अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी साहित्यिक प्रतिभा का परिचय दिया।
प्रतियोगिता के विजेताओं को बिहार राज्य विद्युत होल्डिंग कंपनी लिमिटेड (BSPHCL) के चेयरमैन-सह-प्रबंध निदेशक (CMD) मनोज कुमार सिंह (IAS) ने ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर दक्षिण बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (SBPDCL) के प्रबंध निदेशक महेंद्र कुमार (IAS) तथा उत्तर बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (NBPDCL) के प्रबंध निदेशक राहुल कुमार (IAS) भी मौजूद रहे।
सीएमडी मनोज कुमार सिंह ने कहा कि हिंदी हमारी मातृभाषा ही नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और पहचान की आत्मा है। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन कर्मचारियों की रचनात्मकता को प्रोत्साहन देते हैं और कार्यालयीन वातावरण में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने हिंदी भाषा की समृद्धि, उसके महत्व और साहित्यिक सौंदर्य को प्रस्तुत कर उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। अंत में निर्णायक मंडल ने श्रेष्ठ प्रस्तुतियों का चयन कर विजेताओं की घोषणा की।
