हिंदी दिवस पर बालिकाओं ने दिखाई प्रतिभा

जगदीशपुर (भागलपुर) : कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय जगदीशपुर में शनिवार को हिंदी दिवस बड़े ही उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं के बीच निबंध लेखन, भाषण, सुलेख, श्रुतिलेख, चित्रांकन तथा परिचर्चा जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

आयोजित प्रतियोगिताओं में आराध्या कुमारी, वर्षा कुमारी, संगीता कुमारी, सौम्या कुमारी, शबनम कुमारी तथा कोमल कुमारी ने अलग-अलग प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान हासिल किया। विजेताओं को विद्यालय परिवार की ओर से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन करते हुए संचालक आशुतोष चन्द्र मिश्र ने कहा कि हिंदी भाषा हमें अनेकता में एकता का संदेश देती है। हिंदी के शब्द तत्सम, तद्भव, देशज और विदेशज सभी भाषाओं से मिलकर बने हैं। यही कारण है कि हिंदी भाषा भारत की पहचान और शान है।

इस मौके पर वार्डेन सपना कुमारी, शिक्षिका शारिका निगार, फूल कुमारी, कर्मी राजकिशोर, वृंदा, रिंकू, सुशीला तथा बाबूलाल सहित सभी छात्राएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम के अंत में विजेता छात्राओं को सम्मानित किया गया और हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार का संकल्प लिया गया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *