10-दिवसीय एनसीसी कैम्प का समापन, 500 कैडेट्स ने सीखा अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्र सेवा के संस्कार

भागलपुर। एस.एम. कॉलेज परिसर में आयोजित 47 बिहार बटालियन एनसीसी, भागलपुर के 10-दिवसीय प्रशिक्षण कैम्प का समापन सोमवार को उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। इस कैम्प में विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों की 500 गर्ल कैडेट्स ने सैन्य अनुशासन, नेतृत्व विकास और व्यक्तित्व निर्माण से जुड़े प्रशिक्षण प्राप्त किए।

कैम्प के दौरान कैडेट्स ने ड्रिल, फायरिंग, मैप रीडिंग, फील्ड क्राफ्ट, टीमवर्क, नेतृत्व क्षमता, समूह समन्वय और जीवन-कौशल जैसे सत्रों में भाग लिया। इस दौरान कैडेट्स ने अनुशासन, समय प्रबंधन और राष्ट्रभक्ति के मूल्यों को व्यवहार में उतारा।

समापन समारोह की अध्यक्षता कर्नल जितेंद्र सिंह राना, कमान अधिकारी, 47 बिहार बटालियन एनसीसी ने की। उन्होंने संबोधित करते हुए कहा कि एनसीसी युवाओं को जिम्मेदार, आत्मनिर्भर और देशभक्ति से ओत-प्रोत बनाती है। उन्होंने कैडेट्स के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि भविष्य में देश सेवा और सामाजिक योगदान में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण होगी।

समारोह के तहत 23 नवंबर को एनसीसी स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित भव्य सांस्कृतिक संध्या में कैडेट्स ने देशभक्ति गीत, लोकनृत्य, नाटक, कविता-पाठ और पारंपरिक प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों को प्रभावित किया। कैम्प के दौरान आयोजित प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली कैडेट्स को प्रमाणपत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर परंपरा के अनुसार दो जूनियर कैडेट्स एवं 47 बिहार बटालियन एनसीसी की सेवानिवृत्त ए.एन.ओ. गायत्री देवी ने केक काटकर एनसीसी डे का प्रतीकात्मक उत्सव मनाया।

कर्नल राना ने प्रशिक्षकों, स्टाफ, आयोजक संस्थान और सहयोगी अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कैडेट्स को भविष्य की चुनौतियों के लिए सदैव तैयार रहने का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *