4233 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन, किसानों के खाते में पहुँचे 113 करोड़

पटना | मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को 1, अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ से कुल 4233 करोड़ रुपए की विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायतों एवं ग्रामीण विकास से जुड़े कई अहम प्रोजेक्ट्स की नींव रखी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि ग्राम पंचायतों को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार निरंतर काम कर रही है। इसी कड़ी में 1823 करोड़ रुपए की लागत से 663 पंचायत सरकार भवनों का शिलान्यास किया गया। इसके साथ ही ग्रामीणों की सामाजिक व सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 500 करोड़ रुपए की लागत से 1000 विवाह मंडपों की स्वीकृति भी दी गई।

उन्होंने कहा कि पंचायत भवन और विवाह मंडप गांवों की सामाजिक संरचना को मज़बूत करने में अहम भूमिका निभाएँगे। पंचायत भवनों के निर्माण से ग्रामीण प्रशासनिक कार्य और पारदर्शी होंगे, वहीं विवाह मंडप ग्रामीण इलाकों में आयोजन स्थल की बड़ी सुविधा देंगे।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने अगस्त माह में राज्य में हुई अतिवृष्टि और बाढ़ से किसानों की फसलों को हुए नुकसान का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आपदा की घड़ी में सरकार हमेशा किसानों के साथ खड़ी है। इसी क्रम में 2 लाख 41 हजार से अधिक किसानों को क्षतिपूर्ति के तौर पर 113 करोड़ रुपए की राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से उनके खातों में भेजी गई।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में इन योजनाओं से बिहार के ग्रामीण परिदृश्य में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *