6 नवंबर को मतदान, सारण है तैयार!

साइकिल रैली निकाल युवाओं ने दिया संदेश — “पहले मतदान, फिर जलपान”

छपरा, 17 अक्तूबर (संवाददाता)
आगामी 6 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र मतदाताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार को सारण जिले में स्वीप (SVEEP) कोषांग की ओर से भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया।

रैली का शुभारंभ राजेंद्र स्टेडियम, छपरा से हुआ, जिसे उप विकास आयुक्त (डीडीसी) यतेंद्र कुमार पाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में बड़ी संख्या में युवा, विद्यार्थी, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट एंड गाइड सदस्य एवं स्थानीय नागरिक शामिल हुए।

रैली राजेंद्र स्टेडियम से निकलकर थाना चौक, नगर पालिका चौक, जोगणिया कोठी, कचहरी स्टेशन, श्री नंदन पथ, अनुमंडल पदाधिकारी सदर के आवास होते हुए पुनः राजेंद्र स्टेडियम पहुंची। रास्ते भर प्रतिभागियों ने जन-जागरूकता के नारे लगाए —

“पहले मतदान, फिर जलपान”,
“सारे काम छोड़ दो, सबसे पहले वोट दो”,
“नर हो या नारी, मतदान है जरूरी”।

डीडीसी यतेंद्र कुमार पाल ने उपस्थित युवाओं को संबोधित करते हुए कहा,

“युवा देश के कर्णधार हैं। इस विधानसभा चुनाव में हजारों युवा पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। प्रत्येक युवा अपने घर-परिवार और मोहल्ले में मतदाता जागरूकता का संदेश फैलाए ताकि 6 नवंबर को सारण जिले में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित किया जा सके।”

उन्होंने आगे कहा कि जिले के सभी उच्च एवं उच्चतर विद्यालयों के ELC (इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब) के विद्यार्थी भी मतदाता जागरूकता अभियान में सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं।

दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग की सहायक निदेशक पूजा कुमारी ने बताया कि स्वीप कोषांग द्वारा मतदाता जागरूकता के लिए विविध गतिविधियाँ की जा रही हैं — जिनमें पैदल मार्च, साइकिल रैली, मैराथन, दिव्यांगजन दौड़ जैसे कार्यक्रम शामिल हैं।
उनका कहना था कि,

“हमारा उद्देश्य है कि हर नागरिक अपने घर से निकलकर मतदान केंद्र तक जाए और लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी निभाए।”

कार्यक्रम में जिला खेल पदाधिकारी शमीम अख्तर, स्वीप कोषांग के संतोष कुमार, राकेश कुमार सिन्हा, विनय कुमार सिंह, अरविंद कुमार सिंह, सिद्धार्थ सिंह, यशपाल सिंह सहित कई अधिकारी एवं शिक्षकगण मौजूद रहे।

रैली में सारण एकेडमी, बी. सेमिनरी, आर्य कन्या उच्च विद्यालय, कन्या उच्च विद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ-साथ एनसीसी कैडेट्स और स्काउट एंड गाइड के स्वयंसेवकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।

#BiharElection2025 | #VoterAwareness | #YouthParticipation | #CycleRally | #SVEEP | #Saran | #Chapra
Chief Electoral Officer, Bihar | Election Commission of India

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *