71वीं बीपीएससी संयुक्त प्रारंभिक परीक्षा

समय पर पहुंचे परीक्षार्थी, 11 बजे के बाद मुख्य द्वार बंद
रिपोर्ट – शयामानंद सिह, भागलपुर
भागलपुर। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की 71वीं संयुक्त प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा शनिवार को जिले के 44 केंद्रों पर शांतिपूर्ण माहौल में आयोजित की जा रही है। परीक्षा दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक होनी है। इसके लिए नगर निगम क्षेत्र के अलावा जगदीशपुर प्रखंड में भी परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
सुबह से ही अभ्यर्थियों की भीड़ परीक्षा केंद्रों पर उमड़ पड़ी। आयोग की ओर से जारी गाइडलाइन के मुताबिक, सुबह 9:30 बजे से प्रवेश प्रक्रिया शुरू हुई और ठीक 11 बजे मुख्य द्वार बंद कर दिया गया। इसके बाद किसी भी परीक्षार्थी को अंदर प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई। समय पर पहुंचे परीक्षार्थियों को बिना परेशानी के परीक्षा हॉल में प्रवेश मिल गया, वहीं कई परीक्षार्थी देरी से पहुंचने के कारण बाहर ही रह गए।
परीक्षा केंद्रों पर कड़ी चेकिंग व्यवस्था की गई थी। मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट और अन्य प्रतिबंधित सामग्री बाहर ही जमा कराई गई।
जिला प्रशासन की ओर से भी व्यापक तैयारी की गई थी। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग (IPRD) की ओर से जारी बयान में डीएम ने बताया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त कराने के लिए सभी इंतज़ाम किए गए हैं।
परीक्षा की अवधि दो घंटे तय की गई है, जिसमें 150 अंकों के बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। बीपीएससी ने स्पष्ट किया है कि इस बार भी निगेटिव मार्किंग लागू रहेगी। परीक्षा शुरू होने के बाद किसी भी परीक्षार्थी को बीच में बाहर जाने या पानी पीने की अनुमति नहीं होगी।
परीक्षार्थियों की प्रतिक्रिया
- सोनाली प्रिया, परीक्षार्थी ने कहा – “गाइडलाइन के मुताबिक समय पर पहुंचकर एग्जाम में शामिल होना ही सबसे अच्छा है। प्रशासन की व्यवस्था संतोषजनक रही।”
- अभिषेक कुमार, परीक्षार्थी ने बताया – “इस बार परीक्षा केंद्र पर चेकिंग की व्यवस्था पहले से ज्यादा सख्त रही। देर से पहुंचे कई परीक्षार्थियों को लौटना पड़ा।”
- सूरज सिंह, परीक्षार्थी ने कहा – “बीपीएससी की परीक्षा में निगेटिव मार्किंग चुनौतीपूर्ण है। लेकिन तैयारी अच्छी हो तो डरने की जरूरत नहीं।”
