भागलपुर में ब्राउन शुगर तस्करी का खुलासा, 73.19 ग्राम नशीले पदार्थ के साथ युवक गिरफ्तार

भागलपुर। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। हबीबपुर थाना क्षेत्र के नवटोलिया शाहजंगी के पास छापेमारी कर पुलिस ने अनिकेत कुमार को गिरफ्तार किया। उसके पास से 73.19 ग्राम ब्राउन शुगर, 1 लाख 18 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
मामले को लेकर सिटी एसपी अतुलेश झा ने बताया कि हबीबपुर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नवटोलिया शाहजंगी के पास अनिकेत कुमार ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने पहले उसका सत्यापन किया और फिर छापेमारी कर आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के पास से ब्राउन शुगर के अलावा नकद राशि और मोबाइल फोन भी जब्त किया है। बरामद नकदी के संबंध में भी जांच की जा रही है।
सिटी एसपी अतुलेश झा ने बताया कि पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि ब्राउन शुगर के इस अवैध कारोबार के पीछे कोई अंतरराज्यीय गिरोह सक्रिय है या नहीं। साथ ही आरोपी के संपर्क में रहने वाले अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई को भागलपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
रिपोर्ट Times Bihar News
