सुरक्षा एवं विधि व्यवस्था को लेकर “ऑपरेशन सिंदूर” के तहत नालंदा में प्रशासनिक सख्ती, प्रेस कांफ्रेंस आयोजित

आज दिनांक 10 मई 2025 को जिलाधिकारी नालंदा शशांक शुभंकर एवं पुलिस अधीक्षक भारत सोनी की संयुक्त अध्यक्षता में “ऑपरेशन सिंदूर” के परिप्रेक्ष्य में जिला भर की सुरक्षा एवं विधि व्यवस्था को लेकर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया।
जिलाधिकारी महोदय ने जानकारी दी कि जिले के सभी प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों को मुख्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है। सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं थाना प्रभारी को आदेशित किया गया है कि जिले के सभी होटल/लॉज में ठहरने वाले व्यक्तियों के वैध फोटो/आईडी कार्ड का अनिवार्य सत्यापन किया जाए। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तत्काल संबंधित थाने को दी जाए।
साइबर कैफे संचालकों को भी निर्देशित किया गया है कि प्रत्येक उपयोगकर्ता से वैध आईडी कार्ड लें और चेहरा मिलान कर उपयोग की अनुमति दें। इस संबंध में अनुमंडल और थाना स्तर पर बैठक आयोजित कर उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
भारत सरकार द्वारा खाद्यान्न वितरण को लेकर लिए गए निर्णय के अनुसार अगले दो महीनों का राशन एक बार में वितरित किया जाएगा। इसके लिए ट्रांसपोर्टिंग और वितरण की विशेष तैयारी की जा रही है। आवश्यक वस्तुओं की कालाबाज़ारी और जमाखोरी की आशंका को देखते हुए अनुमंडल स्तर पर विशेष टास्क फोर्स का गठन किया गया है। साथ ही बड़े होलसेल डीलरों के साथ बैठक कर उन्हें सतर्क किया जाएगा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिले में अग्निसुरक्षा के अंतर्गत सभी अग्निशमन दस्तों को विभिन्न स्थलों पर तैनात कर दिया गया है। संबंधित एसडीओ को वाहनों के चालकों के संपर्क नंबर दिए गए हैं ताकि आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई हो सके।
जिलाधिकारी महोदय ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में जिले में कोई पैनिक की स्थिति नहीं है। “खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025” शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हो रहा है।
पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने बताया कि सभी थानों को सघन गश्ती करने के निर्देश दिए गए हैं। होटल, लॉज व हॉस्टल में ठहरने वाले लोगों की पहचान की सख्ती से जांच होगी। सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाह फैलाने वालों पर एफआईआर दर्ज की जाएगी। धार्मिक स्थलों, पर्यटन स्थलों, ऑर्डिनेंस फैक्ट्री, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड एवं प्रमुख चौक-चौराहों पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है।
