टोटो सवार युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, हालत नाजुक
बाइक सवार हमलावर ने ओवरटेक कर रोकी गाड़ी, बेहोश होने तक करता रहा वार
मायागंज अस्पताल में कराया गया भर्ती, परिजन आक्रोशित

रिपोर्ट — शयामानंद सिंह, भागलपुर
नवगछिया (भागलपुर)। नवगछिया थाना क्षेत्र के नगरह-बिंदटोली रोड पर सोमवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक बाइक सवार अपराधी ने टोटो सवार युवक राजा झा पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल राजा को नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद मायागंज अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना नगरह निवासी बलभद्र झा के पुत्र राजा झा के साथ घटी, जो नवगछिया बाजार से सामान खरीदकर टोटो से लौट रहे थे। जैसे ही उनका टोटो बिंदटोली मोड़ के पास पहुंचा, एक बाइक सवार युवक ने ओवरटेक कर टोटो रुकवाया और अचानक राजा झा पर चाकू से हमला कर दिया। सिर और शरीर पर कई वार किए गए, जिससे राजा झा मौके पर ही बेहोश हो गए।
टोटो चालक किशमत राज ने बताया, “गाड़ी की लाइट खराब थी और मोड़ के पास गाड़ी रुक गई थी। अचानक एक बाइक सवार आया और राजा झा पर चाकू से हमला करने लगा। बीच-बचाव में मुझे भी हाथ में चोट लग गई।”
हमले के बाद आरोपी बाइक सवार मौके से फरार हो गया। उधर, घायल राजा को तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें गंभीर स्थिति में मायागंज रेफर किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही राजा झा के परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंचे और घटना को लेकर आक्रोश जताया। फिलहाल हमले के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
