नाथनगर में ब्राउन शुगर तस्करी का भंडाफोड़, हथियार और लाखों की नकदी बरामद
तीन तस्कर गिरफ्तार, अंतरराज्यीय नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

रिपोर्ट – शयामानंद सिंह, भागलपुर
भागलपुर। नाथनगर थाना क्षेत्र में नशे और अवैध हथियार के कारोबार पर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए मधुसूदनपुर पुलिस ने भारी मात्रा में ब्राउन शुगर, हथियार और नकदी बरामद की है। मनसर गांव में की गई छापेमारी में पुलिस ने 234 ग्राम ब्राउन शुगर, दो देसी कट्टा, छह जिंदा कारतूस, चार लाख रुपये से अधिक नकद और तीन मोटरसाइकिल जब्त की है।
इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों—मिथिलेश यादव, विशाल कुमार और हिटलर को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मुख्य आरोपी मिथिलेश यादव अपने बेटे के साथ मिलकर लंबे समय से ब्राउन शुगर और हथियारों की तस्करी में लिप्त था।
पुलिस को शक है कि इस गिरोह के तार अंतरराज्यीय नेटवर्क से भी जुड़े हो सकते हैं। सीटी डीएसपी-2 राकेश कुमार के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई को नाथनगर क्षेत्र में नशा माफिया के खिलाफ बड़ी सफलता मानी जा रही है।
राकेश कुमार, सीटी डीएसपी-2
“गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। यह गिरोह नशा और हथियारों की तस्करी में लंबे समय से सक्रिय था। पूरे नेटवर्क को खंगाला जा रहा है। अंतरराज्यीय कनेक्शन की भी जांच की जा रही है।”
विशेष तथ्य:
- 234 ग्राम ब्राउन शुगर की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों में आंकी जा रही है।
- दो देसी कट्टा और छह कारतूस से हथियार सप्लाई की आशंका।
- ₹4 लाख से अधिक नकद, तस्करी से होने वाली आमदनी की ओर इशारा करता है।
