नवगछिया पुलिस को बड़ी सफलता, टॉप टेन इनामी अपराधी ऋषभ चौधरी गिरफ्तार


रिपोर्ट – श्यामानंद सिंह, भागलपुर

भागलपुर: नवगछिया पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी और टॉप-10 सूची में शामिल कुख्यात अपराधी ऋषभ चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है। ऋषभ पर आर्म्स एक्ट, हत्या, डकैती, रंगदारी व पुलिस पर हमले जैसे कई संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह लंबे समय से फरार चल रहा था।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) ओमप्रकाश ने जानकारी दी कि ऋषभ को भागलपुर जिले के खरीक थाना क्षेत्र अंतर्गत बलहा गांव से गिरफ्तार किया गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया था, जो लगातार छापेमारी कर रही थी।

गौरतलब है कि 11 नवंबर 2024 को वादी शैलेश चौधरी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि ऋषभ चौधरी अपने साथियों के साथ कटेला गांव स्थित उनकी दुकान पर रंगदारी की मांग करने पहुंचा था। विरोध करने पर आरोपियों ने दुकान पर फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए। इस मामले में एक अन्य आरोपी प्रिंस कुमार पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

ऋषभ चौधरी के खिलाफ खरीक थाना में आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह पूर्व में भी कई बार जेल जा चुका है। पुलिस को उम्मीद है कि उसकी गिरफ्तारी से क्षेत्र में आपराधिक घटनाओं में कमी आएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *