शराब में ज़हर मिलने का शक, इलाज के दौरान ट्रक ड्राइवर की मौत

रिपोर्ट – श्यामानंद सिंह, भागलपुर
भागलपुर: जेएलएनएमसीएच (मायागंज अस्पताल) में इलाज के दौरान बांका जिले के बड़ी ढाका गांव निवासी ट्रक चालक बिक्कु कुमार की मौत हो गई। परिजनों को आशंका है कि बिक्कु को जानबूझकर शराब में ज़हर मिलाकर पिलाया गया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई।
परिजनों के अनुसार, बिक्कु कुछ दिन पहले ही घर आया था। एक शाम वह टहलने के लिए खेत की ओर निकला, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। काफी देर बाद वह लड़खड़ाते हुए घर पहुंचा। उसकी खराब स्थिति देखकर परिजनों ने तत्काल उसे मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक के पिता परमानंद पंडित ने आरोप लगाया कि उनके बेटे को उसके ही कुछ दोस्तों ने धोखे से शराब में ज़हरीला पदार्थ मिलाकर पिलाया, जिससे उसकी जान चली गई। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है।
फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
