भागलपुर में वॉलीबॉल खेल विधा के लिए एकलव्य केंद्र चयन ट्रायल संपन्न, 60 से अधिक खिलाड़ियों ने लिया भाग

रिपोर्ट — शयामानंद सिंह, भागलपुर
भागलपुर, 23 जून 2025:
खेल विभाग, बिहार सरकार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण एवं जिला प्रशासन भागलपुर के संयुक्त तत्वावधान में राज्य के विभिन्न एकलव्य राज्य आवासीय प्रशिक्षण केंद्रों में वॉलीबॉल (बालक वर्ग) में नामांकन हेतु चयन ट्रायल का आयोजन किया गया। इसी क्रम में आज सैंडिश कंपाउंड स्थित वॉलीबॉल कोर्ट पर बालक वर्ग के खिलाड़ियों का चयन ट्रायल आयोजित किया गया।
इस ट्रायल में भागलपुर, मुंगेर, खगड़िया, बेगूसराय, बांका सहित आसपास के जिलों से आए 60 से अधिक खिलाड़ियों ने सहभागिता की। इनमें से लगभग 30 खिलाड़ियों ने चयन ट्रायल की सभी आवश्यक अर्हताएं सफलतापूर्वक पूरी कीं।
चयन की पात्रता:
- आयु सीमा: न्यूनतम 12 वर्ष, अधिकतम 14 वर्ष
- शैक्षणिक योग्यता: अधिकतम कक्षा 9 तक अध्ययनरत छात्र
चयन प्रक्रिया व व्यवस्था:
चयन ट्रायल के लिए बिहार राज्य खेल प्राधिकरण द्वारा नियुक्त चयनकर्ताओं में कुमार हीरा, शुभम कुमार, रोहित कुमार, अभिषेक केशव और अभिनव कुमार शामिल थे। तकनीकी सहायक के रूप में आलोक कुमार व कुंदन कुमार उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की निगरानी और संचालन में जिला वॉलीबॉल संघ से श्री अजय राय, श्री नीलकमल राय, एथलेटिक संघ से मो. नसर आलम, तथा जिला खेल पदाधिकारी श्री जय नारायण कुमार की उपस्थिति रही।
चयन ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों की शारीरिक क्षमता और फिटनेस को परखने के लिए बैटरी टेस्ट लिया गया। चयनित खिलाड़ियों को एकलव्य आवासीय प्रशिक्षण केंद्रों में निशुल्क प्रशिक्षण व सुविधाएं प्रदान की जाएंगी, जिनमें पौष्टिक आहार, आधुनिक खेल उपकरण, खेल पोशाक, शिक्षण, चिकित्सा एवं आवास की व्यवस्था शामिल है।
अन्य चयन ट्रायल की जानकारी:
- 23 व 24 जून: एथलेटिक्स (बालक-बालिका), सैंडिश कंपाउंड
- 27 जून: बैडमिंटन (बालक-बालिका), इनडोर बैडमिंटन हॉल, भागलपुर
- 3 जुलाई: तीरंदाजी (बालक-बालिका), साहू उच्च विद्यालय, परबत्ता
खिलाड़ियों को चयन ट्रायल में भाग लेने हेतु विद्यालय प्रधानाध्यापक द्वारा अग्रसारित फॉर्म, दो पासपोर्ट फोटो तथा आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य है। चयन स्थल पर पूर्वाह्न 9:00 बजे रिपोर्ट करना होगा।
इस अवसर पर जिला खेल कार्यालय से श्री सतीश चंद्र (लिपिक), मृणाल किशोर, एवं कार्यपालक सहायक अमीर खान की उपस्थिति रही।
