सिमरी थाना पहुंचे एसएसपी, औचक निरीक्षण में कई खामियां उजागर
थाना परिसर की गंदगी और ड्यूटी रजिस्टर में लापरवाही पर दी कड़ी चेतावनी
दरभंगा

वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) दरभंगा द्वारा गुरुवार को सिमरी थाना का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने थाना परिसर की कार्यप्रणाली, साफ-सफाई, अभिलेखों के रखरखाव, अपराध नियंत्रण व्यवस्था और पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता की गहन समीक्षा की।
एसएसपी ने थाना कार्यालय, मालखाना, महिला हेल्प डेस्क, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता और अन्य बुनियादी सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान कई अनियमितताएं सामने आईं, जिन पर एसएसपी ने नाराजगी जताई।
निरीक्षण के क्रम में ड्यूटी रजिस्टर की जांच के दौरान यह पाया गया कि थाने में प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों का विवरण OD रजिस्टर में स्पष्ट एवं सही ढंग से दर्ज नहीं किया गया है। वहीं, गार्ड रूम और थाना परिसर की स्वच्छता भी बेहद असंतोषजनक पाई गई।
एसएसपी ने थानाध्यक्ष को निर्देशित किया कि OD पदाधिकारी की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, क्योंकि उनकी सतत उपलब्धता थाना संचालन एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि ड्यूटी रजिस्टर में लापरवाही से न केवल प्रशासनिक अनुशासन प्रभावित होता है, बल्कि जनता की सेवा में भी बाधा आती है।
थानाध्यक्ष को विशेष रूप से निर्देशित किया गया कि ड्यूटी रोस्टर की नियमित समीक्षा करें और यह सुनिश्चित करें कि OD पदाधिकारी निर्धारित समय पर ड्यूटी पर उपस्थित हों।
एसएसपी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही पर संबंधित पदाधिकारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि जो अधिकारी और कर्मी कर्तव्य के प्रति निष्ठावान और जनता के प्रति विनम्र व्यवहार करते हैं, उन्हें पुरस्कृत किया जाएगा, जबकि लापरवाह कर्मियों को दंडित करने में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी।
यह निरीक्षण दरभंगा जिले में पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाने की दिशा में एक सख्त कदम के रूप में देखा जा रहा है।
#HainTaiyaarHum | #BiharPolice | #DarbhangaPolice |
