अंतर्राष्ट्रीय मादक पदार्थ दुरुपयोग निवारण दिवस पर लखीसराय में जागरूकता कार्यक्रम

लखीसराय
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में चल रहे नशा मुक्त भारत अभियान के तहत लखीसराय में अंतर्राष्ट्रीय मादक पदार्थ दुरुपयोग निवारण दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग द्वारा डॉ. अंबेडकर अनुसूचित जाति/जनजाति आवासीय विद्यालय में किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के छात्रों के बीच निबंध लेखन, कविता लेखन और पोस्टर चित्रण प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में छात्रों ने नशे के दुष्परिणामों और समाज पर इसके प्रभाव को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। विजेता प्रतिभागियों के बीच पुरस्कार वितरण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित छात्रों एवं शिक्षकों को नशा मुक्त भारत की शपथ दिलाई गई। छात्रों के लिए विशेष रूप से एक परामर्श सत्र का भी आयोजन किया गया, जिसमें जिला बाल संरक्षण इकाई के परामर्शी पंकज कुमार एवं अर्चना कुमारी ने छात्रों को नशे से दूर रहने, आत्म-निर्भर बनने और सही मार्ग अपनाने की प्रेरणा दी।
इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अपर समाहर्ता लखीसराय सुधांश शेखर ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं को नशे से दूर रहना चाहिए और अपने परिवार व समाज को भी इसके विरुद्ध जागरूक करना चाहिए। उन्होंने कहा कि नशा न केवल स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि परिवार और समाज को भी तोड़ता है।
उप विकास आयुक्त सुमित कुमार ने बच्चों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई – “ना नशा करेंगे, ना नशा करने देंगे” – और सभी से नशे के खिलाफ अभियान को जन-आंदोलन का रूप देने का आह्वान किया।
सहायक निदेशक, जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग लखीसराय नीना नैंसी मुर्मू ने बच्चों को नशे से होने वाले मानसिक, शारीरिक और सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी और नशे से दूर रहकर एक स्वच्छ एवं स्वस्थ जीवन जीने की प्रेरणा दी।
इस मौके पर जिला कल्याण पदाधिकारी राजीव रंजन, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी प्रियंका कुमारी, विद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितों ने नशा मुक्ति का संकल्प लिया।
#NashaMuktBharat | #LakhisaraiLive | #InformationAndPublicRelations | #HindustanNews
#timesbihar News
