श्रावणी मेला 2025 की तैयारियों का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण, साफ-सफाई से लेकर खाद्य रेट निर्धारण तक दिए निर्देश
भागलपुर, 07 जुलाई 2025

विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2025 की तैयारियों को लेकर भागलपुर के जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने रविवार को सुल्तानगंज पहुंचकर विभिन्न विकासात्मक और व्यवस्थागत कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ संबंधित विभागों के पदाधिकारी भी उपस्थित थे।
जिलाधिकारी ने नमामि गंगे घाट पर हो रहे बैरिकेडिंग, सफाई, रंग-रोगन एवं मंच निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने गंगा नदी में बढ़ते जलस्तर को गंभीरता से लेते हुए जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता से अद्यतन जानकारी ली और आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग की पुनः रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दिए।
चौकी की नंबरिंग पर निर्देश
अंचलाधिकारी, सुल्तानगंज द्वारा अवगत कराया गया कि चौकियों की नंबरिंग के लिए 8 जुलाई को निविदा निर्धारित की गई है। इस पर जिलाधिकारी ने प्रक्रिया में तेजी लाते हुए 7 जुलाई तक निविदा निष्पादित करने का निर्देश दिया।
खाद्य रेट निर्धारण और पारदर्शिता की पहल
अंचलाधिकारी द्वारा बताया गया कि खाद्य सामग्री की दर तय कर ली गई है, किंतु अनुमंडल पदाधिकारी (सदर) से अभी तक अनुमोदन प्राप्त नहीं हुआ है। जिलाधिकारी ने इसे त्वरित रूप से पूर्ण कर दुकानदारों को रेट चार्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया ताकि कोई भी दुकानदार कांवरियों से मनमानी दर पर सामान न बेच सके। उन्होंने यह भी कहा कि दुकानदार अपने प्रतिष्ठानों के बाहर रेट चार्ट प्रदर्शित करें।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की भी हिदायत दी और दुकानों में उपलब्ध सामग्री की सूची रखने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कौन सा चावल कितनी मात्रा में और किस कीमत पर दिया जाएगा, यह भी दुकानदारों द्वारा उल्लेख किया जाए।
मंच और जर्मन हैंगर का निरीक्षण
डॉ. चौधरी ने नमामि गंगे घाट पर निर्माणाधीन मंच का निरीक्षण करते हुए कार्य को शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया। इसके अलावा, रेलवे की जमीन पर बन रहे जर्मन हैंगर का भी उन्होंने अवलोकन किया और वरीय उप समाहर्ता श्री मिथिलेश प्रसाद सिंह को निर्देश दिया कि हैंगर को सुंदर एवं सुसज्जित रूप में तैयार किया जाए ताकि कांवरियों को कोई असुविधा न हो।
स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी रहे उपस्थित
निरीक्षण के दौरान सुल्तानगंज नगर परिषद के सभापति श्री राजेश कुमार गुड्डू, अंचलाधिकारी, नगर परिषद के अन्य कर्मी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
जिलाधिकारी ने कहा कि श्रावणी मेला न केवल एक धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि यह बिहार की सांस्कृतिक पहचान और पर्यटन का भी प्रतीक है। इसकी तैयारी में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी।
Dr Nawal Kishor | Information & Public Relations Department, Government of Bihar | District Administration Bhagalpur | JEEVIKA Bihar | Bhagalpur Police
