मतदाता सूची पुनरीक्षण के विरोध में महागठबंधन का बिहार बंद, भागलपुर में जाम, हंगामा और नारेबाजी

बुधवार को महागठबंधन द्वारा बुलाए गए बिहार बंद का व्यापक असर भागलपुर जिले में भी देखने को मिला। बंद का मुख्य कारण मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया को लेकर जताया गया असंतोष रहा, जिसे महागठबंधन ने “पक्षपातपूर्ण और अव्यवस्थित” करार दिया।
सुबह से ही राजद, कांग्रेस, और अन्य घटक दलों के सैकड़ों कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए। स्टेशन चौक, खलीफाबाग चौक, घंटाघर, बर्बिगहा रोड समेत कई प्रमुख चौराहों पर टायर जलाकर आवागमन बाधित कर दिया गया। बंद समर्थकों ने सरकार और निर्वाचन विभाग के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। इस दौरान शहर की सड़कों पर लंबा जाम लग गया और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बंद का असर स्कूलों, कॉलेजों और बाजारों पर भी पड़ा। कई शैक्षणिक संस्थान व व्यावसायिक प्रतिष्ठान एहतियातन बंद रहे। सड़कों पर पुलिस बल की भारी तैनाती की गई थी, वहीं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी हालात पर नजर बनाए हुए थे।
प्रशासन मुस्तैद, लेकिन यातायात व्यवस्था रही चरमराई
हालांकि जिला प्रशासन और पुलिस बल द्वारा कानून-व्यवस्था बनाए रखने की पूरी कोशिश की गई, लेकिन कई स्थानों पर आवागमन ठप होने से लोगों में नाराज़गी देखी गई। कई स्थानों पर प्रदर्शनकारियों और राहगीरों के बीच तीखी नोकझोंक की भी सूचना मिली।
महागठबंधन नेताओं ने सरकार पर लगाया बड़ा आरोप
राजद जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर यादव ने कहा, “यह बंद आम जनता की लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए है। सरकार मतदाता सूची में गड़बड़ी कर लोकतंत्र को कमजोर करने पर तुली है।”
कांग्रेस के भागलपुर जिला अध्यक्ष प्रवेज जमाल ने आरोप लगाया कि, “वोटरों को मनमाने ढंग से सूची से हटाया जा रहा है। यह पूरी प्रक्रिया पक्षपात से भरी हुई है।”
वहीं, राजद महिला जिला अध्यक्ष सीमा जयसवाल ने कहा कि, “महिलाओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं, यह महिला विरोधी मानसिकता को दर्शाता है। हम चुप नहीं बैठेंगे।”
प्रशासन की अपील – शांति बनाए रखें
इधर, जिला प्रशासन ने आम लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि मतदाता पुनरीक्षण प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ की जा रही है, और किसी भी शिकायत की जांच की जाएगी।
#BhagalpurNews #BiharBandh #MahagathbandhanProtest #VoterListIssue #HindustanBhagalpur
