स्टार्टअप बिहार के तहत ‘भेजिए अपना आइडिया, बनेगा कल का बिहार’ कार्यक्रम आयोजित
युवाओं में ऊर्जा, विचारों में क्रांति लाकर आत्मनिर्भर बिहार की कल्पना साकार करने की अपील
रिपोर्ट – श्यामानंद सिंह, भागलपुर

भागलपुर, 24 जुलाई 2025 – बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के मुख्य सभागार में उद्योग विभाग, भागलपुर द्वारा “स्टार्टअप बिहार” अभियान के अंतर्गत “भेजिए अपना आइडिया, बनेगा कल का बिहार” स्लोगन के साथ बिहार आइडिया फेस्टिवल का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. दुनिया राम सिंह, जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी, उप विकास आयुक्त श्री प्रदीप कुमार सिंह और निदेशक श्री अनिल कुमार सिंह द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया।
बिहार में टैलेंट की कमी नहीं – डीएम डॉ. नवल किशोर चौधरी
जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि “बिहार के एक-एक व्यक्ति, युवा, ब्रिज—सभी के पास विचार हैं। यहां के लोग टैलेंटेड हैं। हम समझते हैं कि जहां कुछ भी संभव नहीं दिखता, वहां भी हमारे लोग ‘जुगाड़’ से रास्ता निकाल लेते हैं। और जुगाड़ वही कर सकता है जिसके पास कुछ न कुछ ‘आइडिया’ हो।”
उन्होंने आगे कहा कि बिहार के लोग मेहनती और मेधावी हैं। “जैसे एक सादी कॉपी तब तक सादी रहती है जब तक उसमें कुछ लिखा न जाए, ठीक वैसे ही जब कोई अपने विचारों से कुछ नया रचता है, तो वह दिशा बदल देता है,” ऐसा उदाहरण देते हुए उन्होंने युवाओं को प्रेरित किया कि वे अपने टैलेंट को खुद के लिए उपयोग करें।
“हमें रोजगार लेने वाले नहीं, अब रोजगार देने वाले बनना है,” उन्होंने कहा। “अपने टैलेंट से, अपनी ऊर्जा से बिहार में ही रोजगार सृजन करें ताकि लोग पलायन न करें और हमारा राज्य आत्मनिर्भर बने।”
युवाओं में है ऊर्जा की अग्नि – उपविकास आयुक्त
उपविकास आयुक्त श्री प्रदीप कुमार सिंह ने युवाओं की शक्ति को देश का भविष्य बताते हुए कहा, “आज के युग में अगर सबसे अधिक ऊर्जा कहीं है, तो वह युवाओं में है। यह ऊर्जा यदि दिशा पाए तो समाज में नई क्रांति ला सकती है।”
उन्होंने कहा कि आज जरूरत है कि बिहार के युवा, यहां की स्थानीय समस्याओं का समाधान खुद निकालें। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के तहत विचारों का संग्रह किया जाएगा, जिनमें से सर्वश्रेष्ठ विचारों को पुरस्कृत, प्रोत्साहित एवं आर्थिक सहायता दी जाएगी ताकि युवा अपने विचारों को जमीन पर उतार सकें।
“अपने विचार साझा करें और यह सोचें कि वह विचार समाज को किस प्रकार लाभ पहुंचा सकता है। जितना अधिक रोजगार सृजन होगा, उतना ही समाज आगे बढ़ेगा,” उन्होंने कहा।
विशेष अतिथियों का उद्बोधन और आयोजन की जानकारी
कार्यक्रम में कुलपति डॉ. दुनिया राम सिंह और निदेशक श्री अनिल कुमार सिंह ने भी युवाओं को नवाचार के लिए प्रोत्साहित किया और कहा कि विश्वविद्यालय हमेशा ऐसे प्रयासों में युवाओं के साथ खड़ा रहेगा।
कार्यक्रम का संचालन और आयोजन महाप्रबंधक, उद्योग, भागलपुर सुश्री खुशबू कुमारी के द्वारा किया गया। आयोजन में सहयोग हेतु उद्योग विभाग मुख्यालय पटना से सहायक निदेशक प्रशांत कुमार भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, नवप्रवर्तक, स्टार्टअप से जुड़े युवा और विश्वविद्यालय के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
District Administration Bhagalpur | JEEVIKA Bihar | Bihar Krishi Vishwavidyalaya, Sabour
