प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग प्रदर्शनी में बच्चों की प्रतिभा ने मोहा मन
अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी में व्यावसायिक कौशल, स्वास्थ्य, स्वच्छता व पोषण विषय पर केंद्रित रहा आयोजन

जगदीशपुर (भागलपुर)।


मध्य विद्यालय जगदीशपुर में विभागीय निर्देशानुसार प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग (पीबीएल) आधारित अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी का आयोजन शनिवार को हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस बार संगोष्ठी की थीम “व्यावसायिक कौशल और स्वास्थ्य, स्वच्छता व पोषण” पर केंद्रित रही। इस अवसर पर बच्चों द्वारा तैयार की गई शिक्षाप्रद प्रदर्शनी को देखने बड़ी संख्या में अभिभावक पहुंचे।

कार्यक्रम का शुभारंभ अभिभावकों ने सामूहिक रूप से फीता काटकर किया। प्रदर्शनी में बच्चों ने व्यावसायिक हुनर, घरेलू स्वास्थ्य उपाय, स्वच्छता के महत्व और पोषण से संबंधित प्रोजेक्ट मॉडल प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों की रचनात्मकता और प्रस्तुति देखकर उपस्थित अभिभावक काफी प्रभावित हुए और तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया।

प्रधानाध्यापक आशुतोष चन्द्र मिश्र ने कहा कि इस प्रकार की संगोष्ठियों का मुख्य उद्देश्य अभिभावकों को विद्यालय की शिक्षण गतिविधियों से जोड़ना तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि प्रोजेक्ट आधारित शिक्षण बच्चों में व्यवहारिक ज्ञान और नवाचार की भावना को विकसित करता है।

इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षिका प्रीति देवी, नीतु देवी, आशा शर्मा, ललित देवी, प्रेमलता देवी, पूजा देवी, कंचन देवी सहित बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। वहीं शिक्षक शाहीन खातून, वीणा कुमारी, नवल किशोर पंजियारा, अभिनाश सरोज एवं पुष्पलता कुमारी ने प्रदर्शनी के आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को प्रेरणादायक संबोधन भी दिया गया और अभिभावकों से अनुरोध किया गया कि वे नियमित रूप से विद्यालय से संपर्क बनाए रखें ताकि बच्चों की शिक्षा में सतत सुधार हो सके।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *