लोकनाथ उच्च विद्यालय जलजमाव की चपेट में, पढ़ाई पर संकट
जगदीशपुर (भागलपुर)।

प्रखंड मुख्यालय स्थित लोकनाथ उच्च विद्यालय, जगदीशपुर इन दिनों गंभीर जलजमाव और दुर्गंध की समस्या से जूझ रहा है। विद्यालय परिसर में वर्षा के पानी के साथ-साथ स्थानीय बाजार के नाले का कचरा भर जाने से स्थिति नारकीय हो गई है।करीब 1100 छात्र-छात्राओं वाले इस विद्यालय में कक्षा 6 से 12 तक की पढ़ाई होती है। मगर लगातार जलजमाव के कारण पठन-पाठन में बाधा उत्पन्न हो रही है। विद्यालय के पूर्वी और पश्चिमी भाग में पानी भरने से शिक्षक और बच्चे दोनों परेशान हैं। कक्षाओं तक पहुंचना मुश्किल हो गया है, और चारों ओर फैली दुर्गंध से स्वास्थ्य संकट भी मंडरा रहा है।स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष वर्षा के मौसम में यही स्थिति उत्पन्न होती है,

लेकिन प्रशासन और जनप्रतिनिधियों द्वारा अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है। विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक संजीव भारती ने भी इस मुद्दे पर चुप्पी साध रखी है, जिससे छात्रों और अभिभावकों में रोष है।यह विद्यालय आजादी पूर्व से संचालित हो रहा है और वर्षों से क्षेत्रीय शिक्षा का केंद्र रहा है। भवन सौंदर्यीकरण के बाद भी अगर नाला की गंदगी और जलजमाव जैसी समस्या बनी रहे, तो यह सरकार की शैक्षणिक व्यवस्था और स्थानीय निकायों की कार्यशैली पर सवाल खड़ा करता है।स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग है कि अविलंब विद्यालय परिसर की जल निकासी की समुचित व्यवस्था की जाए ताकि विद्यार्थियों को एक स्वच्छ और सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण मिल सके।
