बबरगंज में युवक की लाश मिलने के मामले में एसएसपी ने लिया घटनास्थल का जायजा
रिपोर्ट: श्यामानंद सिंह, भागलपुर

भागलपुर। बबरगंज थाना क्षेत्र के हुसैनाबाद कोवाली मैदान में हाल ही में एक युवक का शव संदिग्ध अवस्था में बरामद होने के मामले में पुलिस महकमा गंभीरता से कार्रवाई में जुट गया है। इसी क्रम में गुरुवार को वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी), भागलपुर हृदय कत ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।

एसएसपी के साथ मौके पर सिटी एसपी, डीएसपी टाउन, थानाध्यक्ष बबरगंज सहित फॉरेंसिक टीम भी मौजूद रही। उन्होंने घटनास्थल के चारों ओर का बारीकी से निरीक्षण किया और मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों से घटना की विस्तृत जानकारी ली।

एसएसपी ने कहा कि मामला गंभीर है और हर पहलू पर जांच की जा रही है। फॉरेंसिक टीम को साक्ष्य एकत्र करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि हत्या के कारणों और अपराध में शामिल लोगों की पहचान की जा सके। उन्होंने यह भी बताया कि सीसीटीवी फुटेज की जांच, स्थानीय लोगों से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्य के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।

गौरतलब है कि शव के शरीर पर गहरे जख्मों के निशान पाए गए थे, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

एसएसपी ने मीडिया को बताया कि जल्द ही इस मामले का खुलासा कर लिया जाएगा और दोषियों को सख्त सजा दिलाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *