बरसात में राहत देने को नगर निगम की सख्ती शुरू, दक्षिणी क्षेत्र में नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण
रिपोर्ट: शयामानंद सिंह, भागलपुर

भागलपुर नगर निगम ने मानसून के दौरान जलजमाव और गंदगी की समस्या को लेकर अब कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। शुक्रवार को नगर आयुक्त शुभम कुमार ने दक्षिणी क्षेत्र का दौरा कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सिकंदरपुर पानी टंकी के पास स्थित जोनल ऑफिस पहुंचकर क्षेत्रीय कर्मचारियों एवं स्थानीय वार्ड पार्षदों से विस्तृत जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने साफ संकेत दिया कि जलजमाव की समस्या को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि खराब पड़ी कूड़ा वाहन और अन्य मशीनों की जल्द मरम्मत कराई जाएगी, साथ ही ज़रूरत के अनुसार नए वाहन भी तैनात किए जाएंगे।
अतिक्रमण पर सख्त निर्देश, विशेष दस्ता होगा गठित
शहर में अतिक्रमण के कारण ट्रैफिक जाम और नालों की सफाई में आ रही अड़चनों को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त ने कहा कि एक नया अतिक्रमण हटाओ दस्ता जल्द ही सक्रिय किया जाएगा। यह टीम विशेष रूप से सड़कों और नालों के किनारे अतिक्रमण हटाने का काम करेगी।
नालों की उड़ाही और पक्काकरण होगा तेज़
निरीक्षण के दौरान यह भी स्पष्ट किया गया कि जहां कहीं कच्चे नाले हैं, वहां उन्हें पक्का किया जाएगा ताकि बारिश का पानी तेजी से निकासी पा सके। नालों की उड़ाही का कार्य भी गति पकड़ेगा ताकि जलजमाव से निजात मिल सके।
नगर आयुक्त शुभम कुमार ने कहा, “शहरवासियों को बारिश में राहत देने के लिए नगर निगम पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सभी ज़ोनल अफसरों और सफाई निरीक्षकों को स्पष्ट निर्देश दे दिए गए हैं। काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।”
नगर निगम की यह पहल शहर को जलजमाव और यातायात अवरोध जैसी perennial समस्याओं से छुटकारा दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
