भागलपुर में विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर डीएम डॉ. नवल किशोर की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के साथ बैठक, मतदाता सूची का प्रारूप हुआ प्रकाशित
रिपोर्ट: शयामानंद सिंह, भागलपुर

भागलपुर, 01 अगस्त:
विधानसभा निर्वाचन 2025 के मद्देनज़र चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत आज समीक्षा भवन, भागलपुर में एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने की। बैठक में जिले के सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के जिला प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी ने बताया कि 24 जून से 26 जुलाई 2025 तक विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चलाया गया, जिसमें सभी दलों और बीएलओ के सहयोग से मतदाता सूची को अद्यतन किया गया। इस प्रक्रिया के पश्चात 01 अगस्त 2025 को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित किया गया, जिसकी प्रतियां सभी राजनीतिक दलों को सौंप दी गईं।

घटे मतदाताओं की संख्या, गहराया मंथन

प्रकाशित प्रारूप के अनुसार भागलपुर जिले में अब कुल मतदाताओं की संख्या घटकर 21,55,802 रह गई है, जो पूर्व में 24,00,414 थी। इनमें पुरुष मतदाता 11,10,458, महिला मतदाता 10,45,237 तथा थर्ड जेंडर मतदाता भी शामिल हैं। जेंडर रेशियो घटकर 941 रह गया है, जो पूर्व में 979 था।

18 वर्ष आयु वर्ग के मतदाताओं की संख्या घटकर 36,549 रह गई है (पूर्व में 40,627), वहीं वरिष्ठ मतदाताओं की संख्या भी घटकर 12,002 (पूर्व में 17,535) हो गई है। पीडब्लूडी मतदाताओं की संख्या भी घटकर 20,674 (पूर्व में 25,597) हो गई है।

मतदान केंद्रों में हुआ युक्तिकरण, संख्या में वृद्धि

बैठक में विधानसभा क्षेत्रवार मतदान केंद्रों के युक्तिकरण की जानकारी भी साझा की गई। युक्तिकरण के बाद कुल मतदान केंद्रों की संख्या में वृद्धि देखी गई:

  • 152-बिहपुर: पूर्व में 256 ➝ अब 316
  • 153-गोपालपुर: पूर्व में 265 ➝ अब 317
  • 154-पीरपैंती: पूर्व में 356 ➝ अब 438
  • 155-कहलगाँव: पूर्व में 347 ➝ अब 423
  • 156-भागलपुरल: पूर्व में 339 ➝ अब 368
  • 157-सुल्तानगंज: पूर्व में 355 ➝ अब 399
  • 158-नाथनगर: पूर्व में 345 ➝ अब 417

दावा-आपत्ति हेतु 01 सितम्बर तक समय

जिलाधिकारी ने कहा कि दावा-आपत्ति की अवधि 01 अगस्त से 01 सितम्बर 2025 तक निर्धारित की गई है। इस अवधि में सभी पात्र नागरिक प्रपत्र-6 के साथ घोषणा पत्र (Annexure D) और आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। यदि किसी का नाम गलत तरीके से सूची में आ गया है या किसी सुधार/स्थानांतरण की आवश्यकता है तो प्रपत्र-7 या प्रपत्र-8 में आवेदन किया जा सकता है।

राज्य के बाहर से आने वाले मतदाता भी प्रपत्र-8 के साथ एनेक्सचर-D जमा कर सकते हैं। सभी बीएलए को निर्देश दिया गया है कि वे एक बार में अधिकतम 10 आवेदन बीएलओ को दे सकते हैं। दावा-आपत्ति का निष्पादन 25 सितम्बर तक तथा अंतिम प्रकाशन 30 सितम्बर 2025 को होगा।

विशेष शिविर 2 अगस्त से

02 अगस्त से 01 सितम्बर तक सभी प्रखंड सह अंचल कार्यालयों, नगर निगम/परिषद/पंचायत कार्यालयों में विशेष कैम्प आयोजित होंगे, जो प्रातः 10 बजे से अपराह्न 5 बजे तक चलेंगे।

राजनीतिक दलों ने किया सहभाग

बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि शामिल हुए, जिनमें:

  • बहुजन समाज पार्टी: रविंद्र कुमार दास
  • भाकपा माले: बिंदेश्वरी मंडल
  • लोजपा रामविलास: सौरभ सिंह
  • भाजपा (नवगछिया): मुक्तिनाथ सिंह निषाद
  • भाजपा (भागलपुर): संतोष कुमार
  • जदयू (नवगछिया): त्रिपुरारी कुमार भारती
  • रालोसपा: सुमन कुमार प्रसून
  • जदयू विधि प्रकोष्ठ: मृत्युंजय कुशवाहा
  • राजद: चंद्रशेखर दोकुमार यादव
    सहित कई अन्य दलों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, सहायक समाहर्ता जतिन कुमार, अपर समाहर्ता दिनेश राम, संयुक्त निदेशक, जन संपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती श्वेता कुमारी और एसडीओ सदर विकास कुमार भी उपस्थित थे।

जिला प्रशासन ने सभी राजनीतिक दलों से इस प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया है ताकि कोई भी योग्य मतदाता सूची से वंचित न रहे 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *