जिलाधिकारी ने मुरलीगंज और कुमारखंड का किया निरीक्षण, नहर मरम्मत व सड़क कार्यों में तेजी लाने का निर्देश

मधेपुरा संवाददाता
जिला पदाधिकारी मधेपुरा तरनजोत सिंह ने शनिवार को मुरलीगंज और कुमारखंड प्रखंड क्षेत्रों का दौरा कर विभिन्न विकास योजनाओं और निर्माण कार्यों की समीक्षा की। क्षेत्र भ्रमण के दौरान डीएम ने मीरगंज चौक स्थित एसएच-91, लक्ष्मीपुर चंडीस्थान के पास गंगापुर उपवितरणी नहर एवं तमौट परसा स्थित दुर्गापुर में क्षतिग्रस्त नहर का स्थलीय निरीक्षण किया।
एसएच-91 एवं एनएच-107 (पैकेज-02) की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने पथ प्रमंडल सुपौल के कार्यपालक अभियंता एवं भा.रा.रा.प्रा. परियोजना निदेशक को निर्देशित किया कि सीमांकन कार्य पूर्ण होते ही दोनों विभाग अपने-अपने हिस्से में कार्य प्रारंभ करें।
गंगापुर उपवितरणी नहर का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने मुरलीगंज सिंचाई प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को निर्देशित किया कि जलस्त्राव को अंतिम छोर तक पहुँचाने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे किसानों को समय पर सिंचाई सुविधा मिल सके।
वहीं दुर्गापुर में क्षतिग्रस्त नहर की मरम्मत कार्य की प्रगति की जानकारी ली गई। जिलाधिकारी ने त्रिवेणीगंज सिंचाई प्रमंडल के अभियंता को निर्देशित किया कि मरम्मत कार्य शीघ्र पूर्ण कर लिया जाए ताकि आम जन-जीवन को हो रही असुविधा से जल्द राहत मिल सके।
जिलाधिकारी के निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। उन्होंने कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता बनाए रखने का निर्देश देते हुए तय समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने की हिदायत दी।
