बांका से 21 महिलाएं पटना रवाना, गव्य प्रबंधन में लेंगी प्रशिक्षण

महिला सशक्तिकरण को मिलेगा बढ़ावा, मुफ्त प्रशिक्षण से बढ़ेगा दुग्ध उत्पादन का स्तर
बांका, 03 अगस्त।
दीप नारायण सिंह क्षेत्रीय सहकारी प्रबंधन संस्थान, शास्त्री नगर, पटना में 4 से 8 अगस्त, 2025 तक गव्य प्रबंधन, मूल्यवर्धन, नस्ल पहचान, स्वच्छ दुग्ध उत्पादन एवं पशु प्रबंधन से संबंधित विशेष प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। इसके लिए बांका जिले की सामान्य वर्ग की 21 महिला सदस्यों का दल आज रवाना हुआ।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम गव्य विकास निदेशालय, पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग, बिहार सरकार द्वारा नि:शुल्क कराया जा रहा है। रवाना होने से पूर्व जिला गव्य विकास कार्यालय, बांका के डेयरी फील्ड ऑफिसर श्री रामकिशोर चौधरी स्वयं महिलाओं के साथ पटना रवाना हुए।
जिला गव्य विकास पदाधिकारी श्री राजेश कुमार ने बताया कि इस प्रशिक्षण के माध्यम से महिलाएं गव्य व्यवसाय में दक्ष होकर कम लागत में अधिक लाभ प्राप्त कर सकेंगी। साथ ही भविष्य में सरकार की विभिन्न योजनाओं में उन्हें प्राथमिकता भी मिलेगी। यह कार्यक्रम महिलाओं की आर्थिक स्वावलंबन और पशुपालन में उनकी भागीदारी बढ़ाने की दिशा में एक अहम कदम है।
