बक्सर EVM-VVPAT वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था और क्रियाशीलता की हुई गहन जाँच

बक्सर | 04 अगस्त 2025

भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देशानुसार सोमवार को बक्सर के प्रखंड परिसर स्थित ईवीएम-वीवीपैट (EVM-VVPAT) वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण किया गया। यह संयुक्त निरीक्षण जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी डॉ. विद्यानंद सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री शुभम आर्य द्वारा संपन्न हुआ।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने वेयरहाउस की संपूर्ण सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया। आयोग के निर्देशों के अनुरूप वेयरहाउस में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जाँच की गई, साथ ही आपातकालीन स्थिति से निपटने हेतु लगाए गए अग्निशमन यंत्रों की भी क्रियाशीलता की पुष्टि की गई।

डॉ. सिंह ने वेयरहाउस की साफ-सफाई, उचित विद्युत व्यवस्था और सतत निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु उप निर्वाचन पदाधिकारी बक्सर को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के क्रम में यह भी सुनिश्चित किया गया कि परिसर में कोई तकनीकी या प्रशासनिक कमी न रह जाए, जिससे भविष्य में निर्वाचन से जुड़ी किसी प्रक्रिया में बाधा उत्पन्न हो।

इस अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी बक्सर, कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल, प्रखंड विकास पदाधिकारी बक्सर समेत अन्य संबंधित पदाधिकारीगण भी उपस्थित थे।

यह मासिक निरीक्षण निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मानकों के तहत पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नियमित रूप से किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *