कारगिल विजय सभा भवन में आपदा प्रबंधन को लेकर परिचर्चा, अधिकारियों को दी गई दिशा-निर्देशों की जानकारी

बेगूसराय, 05 अगस्त – समाहरणालय परिसर स्थित कारगिल विजय सभा भवन में मंगलवार को आपदा प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर एक परिचर्चा का आयोजन किया गया। यह परिचर्चा राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, पटना के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुई।
बैठक में अपर समाहर्ता बेगूसराय, प्रभारी पदाधिकारी आपदा शाखा सहित जिले के अन्य संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे। इस अवसर पर आपदा प्रबंधन की नीतियों, कार्य योजनाओं, प्रचार-प्रसार की रणनीतियों एवं मानक संचालन प्रक्रियाओं (SOPs) पर विस्तार से चर्चा की गई।
साथ ही राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा तैयार की गई मार्गदर्शिकाओं के आलोक में जिला एवं अंचल स्तर के अधिकारियों को अद्यतन जानकारी दी गई। बैठक में यह भी बताया गया कि प्राकृतिक व मानवीय आपदाओं से निपटने के लिए जिला प्रशासन द्वारा किस प्रकार की तैयारियाँ की जा रही हैं और किस प्रकार जोखिम को न्यूनतम करने की दिशा में ठोस प्रयास जारी हैं।
अधिकारियों ने आपदा के समय त्वरित कार्रवाई, राहत एवं पुनर्वास, जन-जागरूकता कार्यक्रम तथा संसाधनों के प्रभावी उपयोग पर भी जोर दिया।
