औंटा–सिमरिया पुल का लोकार्पण संपन्न, डीएम ने जताया आभार

बेगूसराय। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा औंटा–सिमरिया पुल के लोकार्पण कार्यक्रम के सफल आयोजन के बाद जिला पदाधिकारी तुषार सिंगला ने पत्रकारों को संबोधित किया। उन्होंने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह पुल बेगूसराय और आसपास के जिलों के लिए विकास की नई राह खोलेगा।

डीएम ने कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए प्रशासनिक पदाधिकारियों, सुरक्षा बलों और आमजन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी की सक्रिय भागीदारी और सहयोग से यह आयोजन शांति और व्यवस्था के साथ सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम समाप्ति के बाद जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आमजन को क्रमबद्ध तरीके से उनके गंतव्य की ओर रवाना किया जाए, ताकि कहीं भी जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।

उन्होंने साफ कहा कि इस तरह के बड़े आयोजनों में यातायात व्यवस्था सबसे अहम होती है और प्रशासन की जिम्मेदारी है कि लोग बिना किसी असुविधा के सुरक्षित अपने घर लौट सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *