गया की धरती से बिहार को 13 हजार करोड़ की सौगात, पीएम मोदी ने दी विकास की नई दिशा

गया। भगवान बुद्ध की पावन ज्ञानस्थली गया शुक्रवार को ऐतिहासिक क्षणों की साक्षी बनी। मगध विश्वविद्यालय मैदान में आयोजित भव्य जनसभा से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार को 13 हजार करोड़ रुपये से अधिक की बिजली, रेल, सड़क, स्वास्थ्य, आवास और जलापूर्ति से जुड़ी अनेक विकासपरियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र सरकार बिहार को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने ऐतिहासिक औंटा–सिमरिया गंगा पुल, सड़कों के निर्माण एवं सुधार, होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र, जलापूर्ति योजनाएं, प्रधानमंत्री आवास योजना, थर्मल पावर प्लांट, रेलवे परियोजनाएं, शहरी इन्फ्रास्ट्रक्चर, एसटीपी व सीवरेज नेटवर्क जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं की सौगात देकर प्रदेश को मजबूती प्रदान की।

कार्यक्रम में राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा सहित केंद्र व राज्य सरकार के मंत्रीगण तथा एनडीए के वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति रही।

प्रधानमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से बिहार में न केवल बुनियादी ढांचे को गति मिलेगी, बल्कि रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के नए अवसर भी खुलेंगे। वहीं जनसभा में मौजूद लोगों ने बार-बार तालियों की गड़गड़ाहट से प्रधानमंत्री के संबोधन का स्वागत किया।

पूरे बिहार में इस मौके को विकास की नई गाथा और आत्मनिर्भर बिहार की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *