एसएसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण, पुलिस वाहन से किशोरी की मौत का मामला गहराया

रिपोर्ट — शयामानंद सिंह, भागलपुर

भागलपुर। जगदीशपुर के बायपास थाना क्षेत्र अंतर्गत फोरलेन सड़क पर गुरुवार शाम हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। इस दुर्घटना में एक किशोरी की मौत हो गई थी। मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब मृतका के स्वजनों ने आरोप लगाया कि हादसा किसी आम वाहन से नहीं, बल्कि पुलिस की गाड़ी से हुआ है।

शुक्रवार को एसएसपी हृदय कांत स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थानीय पदाधिकारियों और पुलिसकर्मियों से बारीक जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। माना जा रहा है कि एसएसपी का मौके पर पहुंचना इस बात का संकेत है कि पुलिस भी इस घटना को संवेदनशील मान रही है।

गौरतलब है कि हादसा एक निजी रेस्टोरेंट के पास हुआ था। मृतका के परिजनों का स्पष्ट आरोप है कि टक्कर डायल-112 की गाड़ी से लगी, जबकि कुछ सूत्रों का कहना है कि इसमें बाईपास थाना की गश्ती वाहन संलिप्त थी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने आक्रोश में सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। लेकिन आश्चर्यजनक रूप से, घटना के दूसरे दिन तक भी इस मामले में कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई।

आम तौर पर ऐसे मामलों में पुलिस सड़क जाम करने वालों पर सख्त कार्रवाई करती है, लेकिन इस बार प्रशासन ने चुप्पी साध रखी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यही दुर्घटना किसी सामान्य वाहन से हुई होती, तो वाहन चालक और मालिक के खिलाफ तुरंत कठोर कार्रवाई होती। लेकिन चूंकि इसमें पुलिस वाहन का नाम आ रहा है, इसलिए मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है।

कई लोगों का मानना है कि यह पहली बार देखा गया कि किसी सड़क हादसे के बाद एसएसपी स्वयं मौके पर पहुंचे। यह इस बात का प्रमाण है कि घटना बेहद संवेदनशील है और पुलिस विभाग के लिए भी चुनौतीपूर्ण बन चुकी है। मृतका के परिजनों के लिए न्याय की राह कठिन नजर आ रही है, क्योंकि सीधे तौर पर पुलिस पर ही आरोप लगाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *