साइबर अपराध नियंत्रण को मिला नया आयाम, पटना में साइबर ऑपरेशन हॉल का शुभारंभ

पटना। बिहार में तेजी से बढ़ते आर्थिक एवं साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने की दिशा में गुरुवार को एक अहम कदम उठाया गया। राजधानी पटना स्थित आर्थिक अपराध इकाई (EOU) कार्यालय परिसर में नवनिर्मित साइबर ऑपरेशन हॉल का शुभारंभ पुलिस महानिदेशक (DGP) श्री विनय कुमार ने किया। इस मौके पर आर्थिक अपराध इकाई के अपर पुलिस महानिदेशक श्री नैयर हसनैन खान समेत कई वरीय पुलिस अधिकारी मौजूद थे। राज्य के सभी जिला साइबर पुलिस अधिकारी भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े।
आधुनिक तकनीक से लैस होगा नियंत्रण कक्ष
नव स्थापित साइबर ऑपरेशन हॉल को अत्याधुनिक तकनीक से लैस किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, इसके जरिए राज्य में हो रहे साइबर अपराधों की निगरानी, त्वरित कार्रवाई और बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जा सकेगा। इससे न सिर्फ अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी बल्कि पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाना भी संभव होगा।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों को सम्मान
कार्यक्रम के दौरान आयोजित पुरस्कार एवं पारितोषिक वितरण समारोह में साइबर अपराधों के विरुद्ध उल्लेखनीय कार्य करने वाले कुल 46 अधिकारियों एवं कर्मियों को सम्मानित किया गया। पुलिस महानिदेशक श्री विनय कुमार ने उन्हें प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार राशि प्रदान की। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध आज सबसे बड़ी चुनौती बन चुका है और ऐसे में इन कर्मियों का योगदान सराहनीय है।
“साइबर अपराध रोकना हमारी प्राथमिकता” – डीजीपी
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए डीजीपी विनय कुमार ने कहा, “बिहार पुलिस साइबर अपराधों की रोकथाम और नियंत्रण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। नई तकनीक और संसाधनों से पुलिसिंग और अधिक प्रभावी होगी। आमजन को भी जागरूक रहकर पुलिस का सहयोग करना चाहिए।”
इस मौके पर अपर पुलिस महानिदेशक नैयर हसनैन खान ने भी कहा कि साइबर ऑपरेशन हॉल के शुरू होने से पूरे राज्य में साइबर अपराध नियंत्रण तंत्र को नई गति और मजबूती मिलेगी।
