पितृपक्ष मेला-2025 को लेकर एसएसपी ने किया निरीक्षण, श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

गया।
पितृपक्ष मेला-2025 को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) गया ने अस्थाई थाना स्थित सीसीटीवी कंट्रोल रूम एवं विभिन्न पुलिस शिविरों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां तैनात पदाधिकारियों एवं कर्मियों से बातचीत की और सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत जानकारी ली।

निरीक्षण के क्रम में एसएसपी ने कहा कि पितृपक्ष मेला गया की पहचान और आस्था का पर्व है। इस दौरान देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु अपने पितरों के मोक्ष हेतु फल्गु तट पर आकर धार्मिक अनुष्ठान करते हैं। ऐसे में सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन और पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली, कंट्रोल रूम की मॉनिटरिंग व्यवस्था और विभिन्न पुलिस पिकेटों की तैनाती की समीक्षा की। साथ ही मौके पर मौजूद अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई हो।

एसएसपी ने मेला क्षेत्र में आए श्रद्धालुओं से भी बातचीत की और उनसे उनकी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रशासन ने सभी आवश्यक सुरक्षा और सुविधा संबंधी इंतजाम किए हैं, ताकि श्रद्धालु निर्भय होकर अपने धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कर सकें।

उन्होंने कहा कि पुलिस बल पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने, ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त रखने, खोया-पाया केंद्र, एंबुलेंस सेवा और महिला सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की गई है।

गौरतलब है कि पितृपक्ष मेला-2025 को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस-प्रशासन लगातार मुस्तैद है और उच्चाधिकारियों द्वारा प्रतिदिन व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया जा रहा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *