आयुक्त कार्यालय में हिंदी दिवस कार्यक्रम, आयुक्त हिमांशु कुमार राय ने दिया संबोधन

भागलपुर (संवाददाता)

आयुक्त कार्यालय, भागलपुर प्रमंडल के सभागार में हिंदी दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता आयुक्त श्री हिमांशु कुमार राय ने की। इस अवसर पर आयुक्त महोदय ने अपने संबोधन में हिंदी भाषा के महत्व और उसके ऐतिहासिक विकास पर प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा कि कोई भी भाषा ध्वनि का स्वरूप होती है, जिसे बोलकर और लिखकर अभिव्यक्त किया जाता है। हिंदी का इतिहास लगभग 200 वर्ष पुराना है और यह मेरठ क्षेत्र से विकसित होकर देशभर में फैली। सल्तनत और मुगल काल में विभिन्न भाषाओं के मिश्रण से हिंदवी का जन्म हुआ, जिसे बाद में हिंदी-उर्दू नाम दिया गया। उन्होंने बताया कि हिंदी को अफगानिस्तान और ईरान तक के लोग समझते हैं, जबकि दक्षिण भारत के ग्रामीण इलाकों में अभी भी यह भाषा पूरी तरह से प्रचलित नहीं है।

आयुक्त ने कहा कि हिंदी के प्रसार में केंद्रीय विश्वविद्यालयों, हिंदी फिल्मों और देशभर के लोगों के बीच आपसी संवाद की बड़ी भूमिका रही है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि विदेशों में लोग अमिताभ बच्चन के संवाद सुन-सुनकर हिंदी सीख गए। साथ ही उन्होंने इस बात पर भी चिंता जताई कि अंग्रेजी के तेजी से विकास और डिजिटल युग में हिंदी साहित्य की रोचक रचनाओं की कमी महसूस हो रही है।

उन्होंने कहा कि हिंदी को राष्ट्रभाषा बनाने के लिए सभी लोगों को अपनी स्थानीय बोलियों के साथ हिंदी का प्रयोग बढ़ाना चाहिए। उन्होंने अंग्रेजी की उपयोगिता को स्वीकार करते हुए कहा कि “यदि हिंदी हमारी मां है तो अंग्रेजी हमारी मौसी है, दोनों का सम्मान आवश्यक है।”

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय विकास पदाधिकारी श्री अनिल कुमार राय ने कहा कि 14 सितंबर 1949 को संविधान सभा ने हिंदी को राजभाषा के रूप में स्वीकार किया था। 1953 से प्रत्येक वर्ष इस दिन हिंदी दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि हिंदी दिलों को जोड़ने वाली भाषा है और देश की विविधताओं को एकता के सूत्र में पिरोने का कार्य करती है।

अवर सचिव श्री रघुवीर मंडल और संयुक्त निदेशक जनसंपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता ने भी हिंदी के महत्व और विकास पर विचार रखे। श्री गुप्ता ने कहा कि हिंदी को सशक्त बनाने के लिए विज्ञान, चिकित्सा और अभियंत्रण विषयों पर पुस्तकों का लेखन हिंदी में होना चाहिए।

कार्यक्रम में आयुक्त के सचिव श्री विनोद कुमार सिंह सहित कार्यालय के सभी पदाधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *