साहेबगंज में आंगनवाड़ी सेविकाओं ने चलाया मतदाता जागरूकता अभियान

विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदाताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से साहेबगंज प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में आंगनवाड़ी सेविका व सहायिकाओं ने स्वीप (SVEEP) गतिविधि चलाई। इस दौरान उन्होंने घर-घर जाकर लोगों को मतदान के महत्व के बारे में जानकारी दी और सभी योग्य नागरिकों का नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए प्रेरित किया।
सेविकाओं ने ग्रामीण महिलाओं, युवाओं और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं को जागरूक करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए हर वोट अहम है। उन्होंने लोगों से अपील की कि 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के सभी योग्य मतदाता अनिवार्य रूप से अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराएं ताकि कोई भी योग्य मतदाता छूटे नहीं।
प्रखंड स्तर पर चलाए गए इस अभियान में जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का भी सहयोग मिला। अधिकारियों ने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा लगातार जागरूकता गतिविधियाँ चलाई जा रही हैं, ताकि आगामी विधानसभा चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित हो सके।
