राज्य पंचायत संसाधन केंद्र निर्माण के लिए सचिव ने किया स्थलीय निरीक्षण

सारण, 19 सितम्बर पंचायती राज विभाग, बिहार के सचिव श्री मनोज कुमार ने शुक्रवार को सारण जिले के सोनपुर प्रखंड अंतर्गत बैलहट्टा स्थित चयनित भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया। यह भूमि आगामी राज्य पंचायत संसाधन केंद्र (State Panchayat Resource Center – SPRC) के निर्माण हेतु चयनित की गई है।

निरीक्षण के दौरान सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि चयनित भूखंड का प्रस्ताव शीघ्र विभाग को उपलब्ध कराया जाए, ताकि निर्माण कार्य की प्रक्रिया को समय पर आगे बढ़ाया जा सके। उन्होंने कहा कि पंचायतों की क्षमता निर्माण और संसाधन विकास में राज्य पंचायत संसाधन केंद्र की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। यह केंद्र पंचायत प्रतिनिधियों एवं कर्मियों के लिए प्रशिक्षण, कार्यशालाओं और क्षमता-विकास से जुड़ी गतिविधियों का प्रमुख स्थल बनेगा।

निरीक्षण कार्यक्रम में सारण के जिलाधिकारी, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्त्ता, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, अपर जिला पंचायत राज पदाधिकारी, सोनपुर अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी/अंचलाधिकारी सोनपुर तथा नगर परिषद, सोनपुर के कार्यपालक पदाधिकारी सहित कई वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

स्थानीय प्रशासन ने भूमि से संबंधित विवरण सचिव के समक्ष प्रस्तुत किया। निरीक्षण के उपरांत सचिव ने स्पष्ट किया कि संसाधन केंद्र के निर्माण से पंचायत व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं सशक्त बनाने में मदद मिलेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *