महिलाओं के अधिकार व सशक्तीकरण में बिहार ने रचा नया इतिहास : अधिवेशन भवन में 24वें स्थापना दिवस पर ‘महिला जागृति संवाद’

पटना :
बिहार राज्य महिला आयोग के 24वें स्थापना दिवस पर शनिवार को राजधानी पटना स्थित अधिवेशन भवन में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ‘महिला जागृति संवाद’ शीर्षक से आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर आयोग की स्मारिका ‘संवाद से सरोकार तक’ का भी विमोचन किया गया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि राज्य सरकार ने महिलाओं के अधिकारों की सुरक्षा और उनकी स्थिति में सुधार लाने की दिशा में निरंतर कार्य किया है। सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण के क्षेत्र में बिहार ने कई मिसालें कायम की हैं। आज ग्रामीण अंचलों से लेकर शहरी इलाकों तक महिलाएं शिक्षा, रोजगार, राजनीति और उद्यमिता में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रही हैं।

वक्ताओं ने कहा कि 50 प्रतिशत पंचायत आरक्षण की ऐतिहासिक पहल ने गांव-गांव में महिलाओं को नेतृत्व का अवसर दिया है। वहीं विभिन्न योजनाओं के जरिए उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की ठोस कोशिश की गई है। यही कारण है कि आज बिहार की महिलाएं आत्मबल और आत्मसम्मान के साथ समाज में अपनी सशक्त पहचान बना रही हैं।

कार्यक्रम में राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्षों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित भी किया गया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *