हरपुर श्याम में स्कॉर्पियो ने ट्रांसफार्मर में मारी टक्कर, बाल-बाल बची बड़ी दुर्घटना

समस्तीपुर। संवाददाता
खानपुर थाना क्षेत्र के हरपुर श्याम गांव में शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे बड़ा हादसा टल गया। नशे की हालत में एक स्कॉर्पियो चालक ने बिजली के ट्रांसफार्मर में जोरदार धक्का मार दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रांसफार्मर का पोल टूट गया और ट्रांसफार्मर लटक गया। हालांकि सौभाग्य से उस समय बिजली आपूर्ति बंद थी, जिससे बड़ी दुर्घटना होने से बच गई।
घटना के तुरंत बाद वाहन चालक और उसमें सवार यात्री मौके से फरार हो गए। इस दौरान ग्रामीण बड़ी संख्या में जुट गए और स्थिति को संभाला। लोगों ने तुरंत बिजली विभाग को सूचना दी और बिजली सेवा बंद करवाई। ग्रामीणों का कहना है कि यदि उस समय करंट प्रवाहित हो रहा होता तो आसपास के लोगों की जान पर भारी संकट आ सकता था।
सूचना पाकर खानपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस का कहना है कि वाहन स्वामी और चालक की पहचान की जा रही है। आवेदन मिलने पर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों ने मांग की है कि इस तरह नशे में लापरवाही से गाड़ी चलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई हो, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
