निर्वाचन तैयारी को लेकर समीक्षा भवन में बैठक, जिलाधिकारी व एसएसपी ने दिए सख्त निर्देश

भागलपुर। संवाददाता
आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तैयारी को लेकर शुक्रवार को समीक्षा भवन में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक हृदयकांत सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में निर्वाचन की तैयारी को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। इसमें मतगणना केंद्र एवं डिस्पैच सेंटर की तैयारी, मतदान केंद्रों का सत्यापन, एएमएफ की उपलब्धता, निर्वाची पदाधिकारी का कक्ष, कॉलेज अधिग्रहण, नोडल अधिकारियों का प्रशिक्षण, ईवीएम डिमॉन्स्ट्रेशन सेंटर का सत्यापन, मतदान केंद्रों तक पहुंच पथ, वाहन का आकलन, सीएपीएफ के लिए आवासन और ईंधन की व्यवस्था जैसे मुद्दे शामिल रहे। साथ ही सेक्टर पदाधिकारी एवं एफएसटी के लिए वाहन उपलब्धता, बूथ मैनेजमेंट प्लान, अंतरराज्यीय सीमा पर मादक पदार्थों की जांच, शस्त्र सत्यापन आदि बिंदुओं पर अधिकारियों ने अपनी-अपनी प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।
जिलाधिकारी ने शस्त्र शाखा को निर्देश देते हुए कहा कि 24 सितम्बर 2025 तक यदि शस्त्र अनुज्ञप्ति धारी अपने हथियारों का सत्यापन नहीं कराते हैं तो उनकी अनुज्ञप्ति निलंबित कर दी जाएगी। वहीं वरीय पुलिस अधीक्षक ने धारा 126 एवं 133 की कार्रवाई में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी एसडीपीओ और थानाध्यक्षों को निर्देशित करते हुए कहा कि सांप्रदायिक, जातीय विवाद अथवा निर्वाचन संबंधी अपराध मामलों में वास्तविक अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।
एसएसपी ने कहा कि जिन क्षेत्रों को वल्नरेबल चिन्हित किया गया है, वहां बॉन्डडाउन की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि पूजा एवं निर्वाचन की तैयारियां समानांतर रूप से चलेंगी। दुर्गा पूजा के अवसर पर डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। पूजा पंडालों में एसओपी का पालन सख्ती से कराने, शांति समिति में नई पीढ़ी के लोगों को शामिल करने, पंडालों में फायर फाइटिंग की व्यवस्था, बालू-पानी उपलब्ध कराने, वालंटियर्स को बैज देने तथा सीसीटीवी कैमरे लगाने पर जोर दिया गया।
प्रतिमा विसर्जन के दौरान भी निर्धारित एसओपी का अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश अधिकारियों को दिया गया।
बैठक में उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, अपर समाहर्ता दिनेश राम सहित जिले के अन्य वरीय अधिकारी मौजूद रहे।
