शांति के लिए ध्यान, छात्राओं ने दिया संदेश

जगदीशपुर (भागलपुर)। संवाददाता
विश्व शांति दिवस के अवसर पर कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, जगदीशपुर परिवार ने विशेष आयोजन कर शांति का संदेश दिया। विद्यालय परिसर में आधे घंटे तक छात्राओं और शिक्षकों ने सामूहिक ध्यान मुद्रा धारण की। साथ ही चित्रांकन और रंगोली के माध्यम से भी विश्व शांति का संदेश फैलाने का प्रयास किया गया।
विद्यालय परिवार की खास बात यह रही कि यहाँ छात्राएं हर दिन सुबह और शाम को दस मिनट ध्यान करती हैं। इस अवसर पर विद्यालय के संचालक आशुतोष चन्द्र मिश्र ने कहा कि जब भी मन भटकने लगे, हमें तुरंत ध्यान की मुद्रा में बैठ जाना चाहिए।
ऐसा करने से मन शांत होता है और कार्यों में सफलता मिलती है। उन्होंने छात्राओं को यह भी प्रेरित किया कि हर सुबह उठते ही कम से कम दस मिनट ध्यान कर दिनभर के कार्यों की योजना बना लेनी चाहिए और रात को सोने से पहले दिनभर के कार्यों की समीक्षा ध्यान के दौरान करनी चाहिए। ऐसा करने से जीवन सरलता से आगे बढ़ता है।
उन्होंने कहा कि ध्यान करने से मनुष्य को शांति की अनुभूति होती है और जब मन शांत हो, तो कार्य में सफलता अवश्य मिलती है। इस मौके पर वार्डेन सपना कुमारी, शिक्षिका फूल कुमारी, शारिका निगार, कर्मी वृंदा, रिंकू, सुशीला, राजकिशोर, बाबूलाल समेत सभी छात्राएं मौजूद रहीं।
