बांका में मास्टर प्रशिक्षकों का प्रशिक्षण आयोजित

104 प्रशिक्षकों को निर्वाचन संचालन की दी गई जिम्मेदारी
बांका। संवाददाता
आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के सफल संचालन एवं क्रियान्वयन की तैयारी के तहत सोमवार को बांका समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय मास्टर प्रशिक्षकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी नवदीप शुक्ला ने की।
प्रशिक्षण में कुल 104 मास्टर प्रशिक्षकों ने हिस्सा लिया। अधिकारियों ने उन्हें निर्वाचन प्रक्रिया की बारीकियों, मतदाता सूची, मतदान केंद्रों के प्रबंधन, ईवीएम और वीवीपैट के प्रयोग तथा आदर्श आचार संहिता के पालन से संबंधित विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि मास्टर प्रशिक्षक ही वास्तविक निर्वाचन कर्मियों को प्रशिक्षण देंगे। इसलिए उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी प्रशिक्षक निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सफल बनाने में अपनी अहम भूमिका निभाएँ।
कार्यक्रम में जिला प्रशासन के अन्य वरीय पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
