सन्हौला में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का कार्यक्रम, प्रशासन ने की तैयारियों की अंतिम समीक्षा

भागलपुर। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 25 सितंबर को सन्हौला प्रखंड के अरार धोआवे पंचायत स्थित श्री चंडिका मिश्रीलाल कृष्ण प्रसाद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में आयोजित प्रतिमा अनावरण एवं लाभुक संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसे लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है।
सोमवार को जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हृदय कांत और उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मंच, स्टॉल निर्माण, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और अन्य आवश्यक सुविधाओं की बारीकी से समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि कार्यक्रम को सुव्यवस्थित तरीके से सम्पन्न कराने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। वहीं, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत निर्देश दिए और पूरे परिसर को सुरक्षित बनाने की तैयारी सुनिश्चित करने को कहा।
उप विकास आयुक्त ने सफाई, पेयजल, शौचालय और विद्युत व्यवस्था को तय समय सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने कहा कि यह कार्यक्रम न केवल प्रशासनिक दृष्टिकोण से, बल्कि जनता से संवाद और विश्वास कायम करने के लिहाज से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
